Kmps Illegal Liquor Shop Cuts Become Cause Of Death 6 Tragic Deaths Paths Made By Breaking Railings
KMP पर शराब के ठेकों के अवैध कट बने मौत का सबब
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n मोहन सिंह, पलवल
केएमपी एक्सप्रेसवे की जद में खुले शराब के ठेके और इनके लिए तोड़ी गई रेलिंग हादसों का कारण बन रही है। मंगलवार सुबह शराब के ठेके के सामने खड़े ट्रॉले से श्रद्धालुओं से भरी पिकअप गाड़ी टकरा गई। इसमें तीन महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई। पलवल की सीमा में करीब 10 स्थानों पर शराब के ठेकों तक पहुंचने के लिए केएमपी की रेलिंग तोड़कर नीचे उतरने के रास्ते बनाए गए हैं। इन रास्तों पर वाहन चालक शराब खरीदने और खाने-पीने के लिए अपने वाहन एक्सप्रेसवे पर ही खड़े कर देते हैं। ठेकों और इनके आसपास खड़े ट्रॉले, कैंटर और ट्रक कई बार एक्सप्रेसवे पर चलने वाले वाहनों के लिए खतरा बन जाते हैं।
पलवल से नूंह तक करीब 20 जगहों पर कट: पलवल से नूंह तक केएमपी एक्सप्रेसवे पर करीब 20 स्थानों पर रेलिंग तोड़कर नीचे उतरने के रास्ते बनाए गए हैं। इन अवैध रास्तों के आसपास शराब के ठेके, ढाबे और अन्य दुकानें संचालित हो रही हैं। वाहन चालक इन स्थानों पर वाहन रोककर शराब और खाने-पीने का सामान खरीदते हैं। कई जगहों पर भारी वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं, जिससे तेज रफ्तार एक्सप्रेसवे पर दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। केएमपी एक्सप्रेसवे के रखरखाव की जिम्मेदारी हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डिवेलपमेंट कॉरपोरेशन (HSIIDC) की है।