Question Papers In Avadh University Exams Will Be Made On The Lines Of Competitive Exams Will Help In Preparation
प्रतियोगी परीक्षाओं की तर्ज़ पर बनेंगे प्रश्नपत्र
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, अयोध्या
डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की आगामी परीक्षाओं में प्रश्नपत्रों के प्रारूप में बदलाव किया जाएगा। प्रश्नपत्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप तैयार करने की योजना है, ताकि विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई के साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद मिल सके।कौटिल्य प्रशासनिक भवन स्थित सभागार में मंगलवार को विभिन्न विषयों के संयोजकों और संबद्ध महाविद्यालयों के वरिष्ठ शिक्षकों की बैठक हुई। कुलपति प्रो. बिजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में पाठ्यक्रम व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली में सुधार, बोर्ड ऑफ स्टडीज की नियमित बैठकें और प्रश्नपत्रों के प्रारूप में बदलाव पर चर्चा हुई।
तीन सेक्शन में होगा प्रश्नपत्र: पत्रकुलपति ने निर्देश दिया कि आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों को ए, बी और सी तीन सेक्शन में विभाजित किया जाए। सभी विषय संयोजकों और वरिष्ठ शिक्षकों को नए प्रारूप के अनुसार प्रश्नपत्र का ढांचा तैयार कर अगली बैठक में प्रस्तुत करने को कहा गया। प्रत्येक विषय के लिए बड़े स्तर पर स्टैंडर्ड क्वेश्चन बैंक तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसमें वस्तुनिष्ठ प्रश्नों पर जोर रहेगा और प्रश्नों का स्तर यूजीसी-नेट व जेआरएफ जैसी परीक्षाओं के अनुरूप रखा जाएगा। उत्कृष्ट क्वेश्चन बैंक तैयार करने वाले शिक्षकों और विषय संयोजकों को विश्वविद्यालय स्तर पर पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा। बैठक में प्रत्येक विषय से दो-तीन वरिष्ठ शिक्षकों सहित विषय संयोजक और विभागीय अधिकारियों ने हिस्सा लिया।