पत्नी और साली को मारा चाकू, साली की मौत

नवभारतटाइम्स.कॉम
wife and sister in law attacked with knife sister in law dies husband commits horrific act due to suspicion
n कृष्णा कुणाल सिंह, नई दिल्ली

पूर्वी दिल्ली की जोशी कॉलोनी में 31 अगस्त की रात शक के कारण सुधांशु मंडल ने अपनी पत्नी सुनीता पर चाकू से हमला कर दिया। जब आरोपी की साली पूनम, सुनीता को बचाने आईं, तो आरोपी ने उन पर भी चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। फिर दोनों बेटियों को बचाने के लिए ससुर राम दास गए तो आरोपी ने उन पर भी चाकू से हमला कर मौके से फरार हो गया।
सूचना के बाद तुरंत मधु विहार पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेजा। लेकिन डॉक्टरों ने 19 वर्षीय पूनम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सुनीता की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, पुलिस ने आरोपी सुधांशु मंडल को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। मंगलवार को पूनम के शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद कड़कड़डूमा स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया।

यह था पूरा मामला: जानकारी के मुताबिक राम दास अपने परिवार के साथ ए-55 जोशी कॉलोनी इलाके में रहते हैं। परिवार में उनकी पत्नी, तीन बेटी और एक बेटा है। सुनीता बीच वाली बेटी हैं। सुनीता की शादी जोशी कॉलोनी में ही रहने वाले सुधांशु मंडल से हुई थी, जो ई-रिक्शा चलाने का काम करता है। उनकी एक 3-4 साल की बेटी भी है। बताया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी पर शक करता था। किसी से वह बात करती तो झगड़ा करने लगता था। सोमवार रात को वह सुनीता के साथ अपने ससुराल आया था। वहां वह सुनीता से झगड़ा करने लगा। तभी अचानक उसने चाकू निकाला और सुनीता के गले पर हमला कर दिया। तब पूनम अपनी बहन सुनीता को बचाने आई तो उसके भी गर्दन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। वह जमीन पर गिर गईं। इसके बाद आरोपी ने सुनीता को बचाने आए उनके पिता और उनकी बहन पर भी हमला कर दिया। जब वो भी जमीन पर गिर गए, तो तीनों को मरा समझकर सुधांशु मौके से फरार हो गया। पूनम के पड़ोसी ने बताया कि राम मूलरुप से बिहार के पूर्णिया जिले के रहने वाले हैं। यह परिवार पिछले 30 साल से ज्यादा समय से जोशी कॉलोनी में रह रहा है। पूनम पढ़ाई में बहुत अच्छी थी। उनकी बेटी के साथ वह पढ़ाई करती थी। लेकिन सुधांशु के कारण पूरे घर में मातम पसरा हुआ है।