Faridabad Dengue malaria Threat From Waterlogging And Garbage Piles Sector 37 Market In Bad Shape
जलभराव ने बढ़ाई मुश्किलें, डेंगू और मलेरिया का मंडराया खतरा
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, फरीदाबाद
शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में शुमार सेक्टर-37 स्थित हुडा मार्केट इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। यहां सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, जिससे स्थानीय दुकानदारों और खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सफाई कर्मचारियों की पिछले कई दिनों से जारी हड़ताल ने मार्केट को कूड़ाघर में तब्दील कर दिया है। स्थिति उस समय और भी नारकीय हो गई जब बारिश के बाद कूड़े के ढेरों से भीषण दुर्गंध उठने लगी।सेक्टर-37 की यह मार्केट काफी बड़ी है, जहां रोजाना हजारों की संख्या में लोग पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्केट में मुख्य मार्ग के किनारे लगी रेहड़ियों और लोगों द्वारा डस्टबिन का प्रयोग न करने से चारों तरफ कचरा फैल रहा है। वॉर्ड-24 के कांग्रेस उम्मीदवार गुरिंदर सिंह ग्रेवाल ने इस मुद्दे को उठाते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। ग्रेवाल ने कहा कि गंदगी के कारण मार्केट का माहौल लगातार खराब हो रहा है। बारिश के पानी में सड़ते कचरे की वजह से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे क्षेत्र में डेंगू और मलेरिया जैसी जानलेवा बीमारियां फैलने का गंभीर खतरा पैदा हो गया है। दुकानदारों का कहना है कि गंदगी के कारण ग्राहकों ने मार्केट से दूरी बनानी शुरू कर दी है, जिससे उनके व्यापार पर बुरा असर पड़ रहा है। यदि समय रहते सफाई नहीं कराई गई, तो संक्रमण फैलने की पूरी आशंका है। इस संबंध में नगर निगम अधिकारियों ने अपनी बेबसी जाहिर करते हुए कहा कि कर्मचारियों की हड़ताल के कारण सफाई व्यवस्था बाधित है। अधिकारियों का दावा है कि जब भी निजी लेबर के जरिए कूड़ा उठाने की कोशिश की जाती है, तो हड़ताली कर्मचारी काम में बाधा डालते हैं। हालांकि, निगम प्रशासन बातचीत के जरिए इस समस्या का बीच का रास्ता निकालने का प्रयास कर रहा है।