Faridabad Municipal Team Stopped While Collecting Garbage Amidst Strike Fir Registered Against Unknown Persons
हड़ताल के बीच कूड़ा उठाने पहुंची नगर निगम की टीम को रोका, FIR
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
शहर में चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच कृष्णा कॉलोनी में कूड़ा उठाने पहुंची नगर निगम की अधिकृत टीम को कुछ अज्ञात लोगों ने जबरन रोक दिया। नगर निगम के एएसआई की शिकायत पर पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने व अन्य धाराओं के तहत 3-4 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।नगर निगम फरीदाबाद के वॉर्ड नंबर-14 में कार्यरत एएसआई विशाल ने सेक्टर-11 पुलिस चौकी में दी लिखित शिकायत में बताया कि काफी समय से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी है। इस कारण वॉर्ड नंबर-14 स्थित कृष्णा कॉलोनी में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं। नगर निगम द्वारा अधिकृत कंपनी 'एमएस फैसिलिटी' के एक ट्रैक्टर और दो सफाई कर्मचारियों को कॉलोनी से कूड़ा उठाने के लिए भेजा गया था।
शिकायतकर्ता एएसआई विशाल के अनुसार, जैसे ही सफाई टीम ने कृष्णा कॉलोनी पहुंचकर कूड़ा उठाने की प्रक्रिया शुरू करने की कोशिश की, तभी वहां पहुंचे 3 से 4 अज्ञात लोगों ने उन्हें जबरन रोक दिया। आरोपियों ने कर्मचारियों को सफाई कार्य करने से मना कर दिया और काम ठप करा दिया। इसके बाद नगर निगम अधिकारी विशाल ने पुलिस चौकी सेक्टर-11 पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। सेक्टर-11 पुलिस चौकी के हेड कॉन्स्टेबल सतपाल ने इस सारे मामले की प्राथमिक जांच की है। अभी इसमें और पड़ताल होगी।