9 ज़ोन में विकसित होंगे पटेल रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र

नवभारतटाइम्स.कॉम
16 patel employment and industrial areas to be developed in uttar pradesh 9 hub spoke zones also to be created
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : एमएसएमई उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। प्रदेश में 16 सरदार वल्लभभाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र (एसवीपीईआईजेड) विकसित करेगी। इसमें एमएसएमई व यूपीसीडा के क्षेत्र में 5-5 एसवीपीईआईजेड बनाए जाएंगे। वहीं, यूपीईडा और यमुना एक्सप्रेस-वे अथॉरिटी में 2-2 और ग्रेटर नोएडा, गीडा और गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण में 1-1 एसवीपीईआईजेड केंद्र विकसित किए जाएंगे। इन क्षेत्रों में युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षित कर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा।

हब ऐंड स्पोक मॉडल पर विकसित होंगे जोन : सरदार वल्लभभाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र के साथ-साथ प्रदेश में 9 हब ऐंड स्पोक जोन विकसित किए जाएंगे। ये जोन गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद एवं हापुड़, सहारनपुर मंडल के साथ मेरठ, बागपत और बुलंदशहर, मुरादाबाद एवं बरेली मंडल, आगरा एवं अलीगढ़ मंडल, लखनऊ एवं अयोध्या मंडल, कानपुर एवं प्रयागराज मंडल, चित्रकूट, झांसी एवं विंध्याचल मंडल, वाराणसी एवं आजमगढ़ मंडल तथा गोरखपुर, बस्ती एवं देवीपाटन मंडल में विकसित किए जाएंगे। हर जोन औद्योगिक क्षमता, उपलब्ध संसाधनों और निवेश की संभावनाओं के अनुरूप विकसित होगा।
क्या होगा एसवीपीईआईजेड में : हर एसवीपीईआईजेड को वन स्टॉप इंडस्ट्रियल, स्किल ऐंड एम्प्लॉयमेंट इकोसिस्टम के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां कौशल विकास केंद्र, औद्योगिक भूखंड, प्लग ऐंड प्ले औद्योगिक शेड, साझा सुविधा केंद्र, रोजगार सहायता केंद्र, उद्यमिता सहायता केंद्र, डिजिटल साक्षरता, विदेशी भाषा प्रशिक्षण व आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। प्लग ऐंड प्ले व्यवस्था के तहत उद्यमियों को तैयार औद्योगिक परिसर, बिजली, पानी, सड़क व अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।