10 हजार लोग घरों में कैद होने को मजबूर, 15 को किया घायल

नवभारतटाइम्स.कॉम
faridabad 10 thousand people imprisoned due to monkey menace 15 injured
nNBT न्यूज, फरीदाबाद

सेक्टर-86 स्थित हाईराइज ओमेक्स हाइट्स सोसायटी इन दिनों बंदरों के आतंक के साये में है। करीब 2200 फ्लैट्स वाली इस सोसायटी में बंदरों ने जीना मुहाल कर दिया है। आलम यह है कि यहां रहने वाले करीब 10 हजार लोग अब घरों में सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। बंदर न केवल सोसायटी के पार्कों और सड़कों पर कब्जा जमाए हुए हैं, बल्कि अब वे फ्लैट्स के अंदर घुसकर सामान की तोड़फोड़ कर रहे हैं और लोगों पर जानलेवा हमला कर रहे हैं।
आरडब्ल्यूए प्रधान जितेंद्र ने बताया कि परिसर में करीब 100 बंदरों का झुंड सक्रिय है। ये बंदर इतने आक्रामक हो चुके हैं कि अब तक 10 से 15 लोगों को काटकर घायल कर चुके हैं। मार्केट जाने वाले राहगीरों के हाथों से सामान छीनना और विरोध करने पर उन पर हमला करना अब यहां की रोजमर्रा की कहानी बन गई है। बंदरों के इस हिंसक व्यवहार से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में भारी दहशत व्याप्त है। बच्चों ने डर के मारे फ्लैट से बाहर निकलना और पार्कों में खेलना पूरी तरह बंद कर दिया है। इस संबंध में जब नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी (MOH) नीतिश परवाल से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। प्रशासन की इस बेरुखी से निवासियों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होंगे।