बिना HSRP फर्राटा भरने पर ऑटो डीलरों पर नकेल, सीज़ होंगे ई-ऑटो

नवभारतटाइम्स.कॉम
e autos seized without hsrp traffic police crackdown on auto dealers action also on noise pollution
nNBT न्यूज, लखनऊ : राजधानी में बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) के दौड़ने वाले वाहनों को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार रात चेकिंग के दौरान डीसीपी ट्रैफिक ने ऐसे कई ई-ऑटो सीज किए, जिन्हें डीलरों ने बिना HSRP के ही सड़क पर उतार दिया था। डीसीपी ने इन ऑटो डीलरों को नोटिस भेजने के निर्देश दिए हैं।

डीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि नंबर प्लेट से किसी भी तरह की छेड़छाड़ (टेंपरिंग) या उसे ढकने पर वाहन सीधे सीज होगा और इसके लिए ऑटो मालिक व चालक दोनों जिम्मेदार होंगे। इसके खिलाफ अयोध्या रोड और सुलतानपुर रोड पर विशेष अभियान शुरू किया गया है, जो आरटीओ के साथ मिलकर आगे भी जारी रहेगा।
100 साइलेंसर जब्त, 8 वाहन सीज : ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक पुलिस ने अब तक पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले 100 मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए हैं। इसके लिए चेकिंग टीमों के साथ मोटर मैकेनिक भी चल रहे हैं, जो मौके पर ही साइलेंसर उतरवा रहे हैं। शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर 865 वाहनों की जांच में 140 दोपहिया वाहनों के चालान किए गए, जबकि 8 वाहनों को सीज किया गया।