ज़मीन और निवेश के नाम पर महिला सिपाही से "17 लाख ठगे

नवभारतटाइम्स.कॉम
woman constable duped of 17 lakhs fraudster absconds in name of land and investment
nNBT न्यूज, लखनऊ : जमीन दिलाने और निवेश की रकम दोगुनी कर लौटाने का झांसा देकर जालसाज ने चौक न्यायालय में तैनात महिला सिपाही मोना सिकरवार से करीब 17 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस कमिश्नर के आदेश पर शनिवार को हजरतगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई।

मोना के मुताबिक कुछ माह पहले विधानसभा सत्र के दौरान उनकी ड्यूटी हजरतगंज की दारूलशफा पुलिस चौकी में लगी थी। वहीं उनकी मुलाकात प्रदीप शिवहरे उर्फ पप्पू से हुई। प्रदीप ने निवेश की योजनाएं बताने के साथ सस्ती कीमत पर जमीन दिलाने का दावा किया। उसके पुलिसकर्मियों से परिचय के चलते वह उसके झांसे में आ गईं। आरोप है कि मोना ने 10 लाख रुपये का लोन लेकर प्रदीप के पार्टनर के खाते में 9.55 लाख रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद रिश्तेदारों और परिचितों से उधार लेकर मोतीमहल में उसे सात लाख रुपये नकद दिए। रकम लेने के बाद प्रदीप फरार हो गया और मोबाइल बंद कर लिया। एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि मामला पुराना है और जांच की जा रही है। प्रदीप पर अन्य लोगों से ठगी के आरोपों की भी जांच होगी।