Gang Busted For Defrauding By Promising Jobs In Reputed Companies 5 Arrested
नामी कंपनियों में नौकरी का झांसा देकर ठगने वाले गिरोह का भंडाफोड़
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, नई दिल्ली
टाटा मोटर्स जैसी नामी कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवाओं से ठगी करने वाले गिरोह का नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने फर्जी रिक्रूटमेंट कॉल सेंटर चलाने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी जॉब रिक्रूटमेंट प्लैटफॉर्म से नौकरी तलाशने वालों का डेटा हासिल करते थे। इसके बाद खुद को कंपनी की भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा बताकर उन्हें कॉल करते और अलग-अलग चरणों में पैसे जमा करवाते थे।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 मोबाइल फोन, एक टैबलेट, सात एटीएम, डेबिट कार्ड, दो बैंक पासबुक, मोबाइल नंबरों वाले तीन नोटपैड और 6,730 रुपये कैश बरामद किया है। जांच में टाटा मोटर्स के फर्जी जॉइनिंग लेटर और QR कोड भी मिले हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतीश चंदर मौर्या उर्फ करण उर्फ हरीश (30), बिंदिया उर्फ माही (20), प्रीति उर्फ सुप्रिया (22), प्राची उर्फ स्वीटी उर्फ नेहा (19) और राधिका उर्फ भूमि उर्फ अंशु (19) के रूप में हुई है। सतीश ने M.Sc किया है और एक्सिस बैंक में काम कर चुका है। बिंदिया BA कर रही है, जबकि प्रीति ने 11वीं तक पढ़ाई की है। नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट की DCP निहारिका भट्ट ने बताया कि 1 सितंबर को AATS नॉर्थ की टीम को सूचना मिली थी कि झरोदा माजरा के संगम विहार इलाके में फर्जी कॉल सेंटर चल रहा है।