अतिक्रमण हटाने पर ZO अौर पार्षद आमने-सामने

Contributed byabhishek.pandey1|नवभारतटाइम्स.कॉम
zo and councilor clash over encroachment removal bjp councilor complains to mayor
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : जोन-4 में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर शनिवार को नगर निगम कार्यकारिणी सदस्य और राजीव गांधी प्रथम वॉर्ड के पार्षद संजय राठौर और जोनल अफसर (ZO) शिल्पा कुमारी के बीच जमकर नोकझोंक हो गई। ठेले और पटरी दुकानदारों का सामान जब्त किए जाने से नाराज भाजपा पार्षद ने ZO पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। विवाद इतना बढ़ गया कि पार्षद ने सीधे मेयर से ZO की शिकायत कर कार्रवाई की मांग कर डाली।

 शिल्पा कुमारी के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने शनिवार को मिठाई वाला चौराहे के पास कई फल के ठेलों को जब्त किया था। पार्षद का कहना है कि ठेले को जब्त करना ठीक है, लेकिन उस पर रखे फल को भी जब्त कर लिया गया। वह इस संबंध में वार्ता करने ZO के कार्यालय गए थे। आरोप है कि इस दौरान उनकी ZO से तीखी नोकझोंक हाे गई। इसके बाद पार्षद ने ZO की शिकायत मेयर से की है। उनका कहना है कि कार्यकारिणी की बैठक से पहले ZO को नहीं हटाया गया तो वह धरने पर बैठेंगे।
अधिनियम का उल्लंघन : पार्षद का कहना है कि नगर निगम अधिनियम के मुताबिक कोई भी कच्चा माल विभाग जब्त नहीं कर सकता है। कच्चे माल को तत्काल जुर्माना लेकर छोड़ना पड़ता है, लेकिन ZO ने जब्त फल को नगर निगम के जोनल कार्यालय के स्टोर में भरवा दिया, जो खराब हो रहा है। पार्षद ने यह भी आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर कुछ चुनिंदा जगह को चिह्नित कर कार्रवाई हो रही है।

पहले भी लगा है मनमानी का आरोप : ZO शिल्पा कुमारी पर एक RWA के कूड़े के ठेले को धवस्त करवाने का भी आरोप लग चुका है। इस मामले में RWA की ओर से नगर आयुक्त गौरव कुमार से शिकायत की गई थी। बताया जा रहा है कि जोन 4 के सभी पार्षद ZO के खिलाफ बड़े प्रदर्शन की तैयारी कर रहे हैं। इस प्रकरण की शिकायत भाजपा पार्षद दल के उपनेता मुन्ना मिश्रा से भी की गई है।