वाॅर्ड-41 में शुरू हुआ कार्यालय का निर्माण, लोगों को मिलेगी सहूलियत

नवभारतटाइम्स.कॉम
ward office to be built in ward 41 at a cost of 40 lakhs citizens will get great convenience
n NBT न्यूज, बल्लभगढ़

फरीदाबाद नगर निगम की ओर से शहर के अलग-अलग वाॅर्डों में वाॅर्ड और पार्षद कार्यालय विकसित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नगर निगम के वाॅर्ड नंबर-41 के लिए बल्लभगढ़ स्थित पंचायत भवन में करीब 40 लाख रुपये की लागत से वाॅर्ड कार्यालय का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। कार्यालय बनने के बाद वार्ड के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही कई जरूरी नागरिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
वाॅर्ड पार्षद महेश गोयल ने बताया कि कार्यालय में वाॅर्ड के लोगों के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। इससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम के मुख्य कार्यालय तक जाने की जरूरत कम होगी। प्रॉपर्टी आईडी, सफाई व्यवस्था, विकास कार्यों और अन्य नागरिक समस्याओं से जुड़े मामलों में लोगों को स्थानीय स्तर पर मार्गदर्शन और शिकायत दर्ज कराने की सुविधा मिल सकेगी।

एनआईटी और बल्लभगढ़ क्षेत्र के विभिन्न वाॅर्डों में भी वाॅर्ड कार्यालय, पार्षद कार्यालय तथा अन्य जनसुविधाओं के निर्माण से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। वाॅर्ड-41 में पंचायत भवन परिसर में शुरू हुए निर्माण को स्थानीय लोगों के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पार्षद महेश गोयल के अनुसार, कार्यालय के संचालन के बाद वाॅर्डवासियों को अपने क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं और विकास कार्यों के लिए एक स्थानीय संपर्क केंद्र उपलब्ध होगा।

रेकमेंडेड खबरें