बिना स्ट्रक्चरल ऑडिट बिल्डर करा रहा सोसायटी की मरम्मत : AOA

नवभारतटाइम्स.कॉम
बिना स्ट्रक्चरल ऑडिट बिल्डर करा रहा सोसायटी की मरम्मत : AOA
Saurabh.yadav

@timesofindia.com
n नोएडा : सेक्टर-107 की ग्रेट वैल्यू शरणम सोसायटी में बिल्डर और एओए का विवाद बढ़ता जा रहा है। एओए पदाधिकारियों का दावा है कि सोसायटी की शिकायत लेकर वे करीब 105 बार नोएडा अथॉरिटी के अधिकारियों के पास पहुंचे। प्रदर्शन के बाद अथॉरिटी ने सोसायटी का निरीक्षण कर स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने का नोटिस जारी किया। इसके बावजूद बिल्डर ने स्ट्रक्चरल ऑडिट कराए बिना ही रिपेयर और पेंटिंग का काम तेजी से शुरू करा दिया है। आरोप है कि सोसायटी में लगे 256 सीसीटीवी कैमरों में से 120 को बंद कर दिन-रात काम कराया जा रहा है।

एओए उपाध्यक्ष अनूप पोखरियाल ने बताया कि सोसायटी के टावरों की छत पर बनी पानी की टंकियां खुली हुई हैं। बारिश होने पर लिफ्ट के नीचे पानी भर जाता है। एसटीपी बंद पड़ा है और नालियां चोक हैं। आरोप है कि सीवेज का पानी नाले में बहाया जा रहा है। इसको लेकर बिल्डर पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है। उपाध्यक्ष के मुताबिक, सीपेज, ड्रेनेज, नालियों और अन्य जरूरी काम लंबित हैं। इसके बावजूद बिल्डर पहले बाहरी हिस्सों की रिपेयर और पेंटिंग करा रहा है।