Principal Questioning State Award Suspended Serious Questions Raised On Selection Process
राज्य पुरस्कार पर सवाल उठाने वाली प्रिंसिपल को किया सस्पेंड
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखनऊ : राज्य शिक्षक पुरस्कार के चयन और उसे पाने वाली शिक्षिका पर सवाल उठाने वाली गोसाईंगंज के अमेठी उर्दू प्राथमिक स्कूल की प्रिंसिपल संतोष राय को बीएसए ने निलंबित कर दिया है। उन पर सोशल मीडिया पर राज्य अध्यापक पुरस्कार और विभागीय अधिकारियों के प्रति अमर्यादित टिप्पणी करने का आरोप है। जांच समिति की संस्तुति के बाद यह कार्रवाई की गई। बेसिक शिक्षा विभाग ने 31 अगस्त को 75 जिलों के 61 शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए पात्र घोषित किया था। इनमें अमेठी उर्दू प्राथमिक स्कूल की सहायक अध्यापक विनीता का भी चयन हुआ था। नाम घोषित होने के बाद प्रिंसिपल संतोष राय ने चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने शिक्षिका पर पुरस्कार के आवेदन फॉर्म पर उनके फर्जी हस्ताक्षर करने का भी आरोप लगाया था। प्रिंसिपल ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर चयन प्रक्रिया में तय मानकों का पालन नहीं होने की बात कही थी।
मामला सामने आने के बाद बीएसए ने दो सदस्यीय जांच समिति गठित की। प्रिंसिपल से स्पष्टीकरण मांगा गया। जांच समिति की संस्तुति के आधार पर विभाग की छवि धूमिल करने और अमर्यादित बयान देने के आरोप में उन्हें निलंबित कर दिया गया।कार्रवाई पर उठाए सवाल : उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष सुधांशु मोहन ने कहा कि पुरस्कार पाने वाली शिक्षिका पर फर्जी हस्ताक्षर का आरोप गंभीर है। अपनी बात रखने पर निलंबन की कार्रवाई उचित नहीं है।