Neet Students Suicide Took A Horrific Step Due To Blackmailing And Financial Demands Case Registered
NEET छात्रा खुदकुशी मामले में केस दर्ज
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
राजेंद्र पार्क थाना एरिया के सूरत नगर फेज-1 में 17 वर्षीय छात्रा ने पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने शुक्रवार को बिहार के गया निवासी अगस्त्य चौधरी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि छात्रा ब्लैकमेलिंग और पैसों की मांग से परेशान थी।सूरत नगर फेज-1 में रहने वाले पीड़ित पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी 17 वर्षीय बेटी सेक्टर-14 स्थित आकाश इंस्टिट्यूट से NEET की कोचिंग कर रही थी। जुलाई में परिजनों को पता चला कि छात्रा की बातचीत उसके साथ पहले कोचिंग में पढ़ चुके अगस्त्य चौधरी से होती है। 6 अगस्त को माता-पिता अपनी-अपनी ड्यूटी पर गए हुए थे। घर पर छात्रा और उसका 12 वर्षीय छोटा भाई थे। दोपहर में छोटे भाई ने पिता को फोन कर सूचना दी कि दीदी ने कमरे में पंखे से फंदा लगा लिया है। पिता के कहने पर पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे और छात्रा को सर्वोदय अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक पर छात्रा को परेशान करने का आरोप
छात्रा के पिता ने बताया कि घटना के बाद जब उन्होंने अपनी पत्नी से बात की, तो पता चला कि अगस्त्य चौधरी उनकी बेटी को लगातार मानसिक रूप से परेशान कर रहा था। वह उसे बार-बार विडियो कॉल और फोन कर बदनाम करने की धमकी देता था। वह उस पर पैसे देने और बिहार आने का दबाव बना रहा था, जिससे वह बेहद तनाव में थी। आरोप है कि घटना के दिन भी आरोपी ने कई बार फोन व विडियो कॉल की, जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस ने घटनास्थल से मृतका का मोबाइल, टैब, लैपटॉप और पैड नोट अपने कब्जे में ले लिए हैं। विसरा को जांच के लिए FSL और मोबाइल, टैब व लैपटॉप को CFL पंचकूला भेजा गया है।