Sharp Shooter Firing With Both Hands Becomes A Puzzle For Delhi Police
दोनों हाथों से गोलियां चलाने वाला शार्पशूटर बना पहेली
नवभारतटाइम्स.कॉम•
Shanker.Singh
@timesofindia.comnनई दिल्लीः आनंद विहार के कड़कड़डूमा कम्युनिटी सेंटर में गुरुवार देर रात दोनों हाथों में पिस्टल लेकर फायरिंग करने वाला शूटर पुलिस के लिए पहेली बना हुआ है। शाहदरा जिला पुलिस के अलावा स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच के तेजतर्रार अधिकारी भी दो दिन बीतने के बावजूद मामले को सुलझा नहीं पाए हैं। फायरिंग में जख्मी अफसर उर्फ बादशाह और मोहम्मद इरशाद कुरैशी से कई राउंड पूछताछ हो चुकी है। हाइपर कैफे के स्टाफ और पार्टी में गए पीड़ितों के दोस्तों से भी पूछताछ की गई है लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
पुराना सीलमपुर निवासी इरशाद के बयान पर कातिलाना हमला और आर्म्स एक्ट का केस दर्ज किया गया है। इरशाद ने बताया कि उसका स्क्रैप का काम है। वह दोस्तों के साथ 10 सितंबर की रात 11 बजे स्कॉर्पियो से हाइपर कैफे पहुंचा था। खाने-पीने के बाद सभी रात 1:30 बजे वहां से निकले और एक खाली जगह पर टॉयलेट करने लगे। इसी दौरान कैफे से अफसर भी वहां आकर खड़ा हो गया। तभी स्कूटर सवार दो युवक वहां पहुंचे और अफसर की तरफ गोलियां चलाने लगे। गोली लगने से वह और अफसर दोनों गिर पड़े। इसके बाद बदमाश स्कूटर से फरार हो गए।
सूत्रों के मुताबिक, मुराद नगर के रहने वाले अफसर ने बताया कि नकाबपोश शूटरों के टारगेट पर वह नहीं, बल्कि इरशाद था। पुलिस यह समझने की कोशिश कर रही है कि शूटर किसी को मारने आए थे या उनका मकसद सिर्फ दहशत फैलाना था। सीसीटीवी ट्रेल खंगालने पर स्कूटर कड़कड़ी मोड़ के पास गायब मिला है। पुलिस को मौके से 2 गोलियां और 11 खोल मिले हैं। उत्तराखंड रजिस्ट्रेशन नंबर वाली स्कॉर्पियो से फॉरेंसिक साइंस लैब ने सैंपल भी उठाए हैं। अफसर की हालत अभी नाजुक बताई जा रही है।