एंथ्रोपिक, OpenAI और xAI के लीडर्स पहली बार एकमत, ट्रंप ने AI आलोचकों को कहा- नेगेटिव फोर्स

नवभारतटाइम्स.कॉम
ai giants agree on safety for the first time trump calls critics negative force
Pradeep.Tiwari @timesofindia.com

n नई दिल्लीः AI की दुनिया में एक-दूसरे के बड़े प्रतिद्वंद्वी माने जाने वाले सैम ऑल्टमैन , इलॉन मस्क और डारियो अमोदेई AI की रफ्तार धीमा करने और सुरक्षा के मुद्दे पर साथ आ गए हैं। एंथ्रोपिक के सीईओ डारियो अमोदेई ने शनिवार को ब्लॉक पोस्ट में AI के सबसे ताकतवर मॉडल बनाने की रफ्तार धीमी करने की अपील की। उन्होंने इसका लिंक X पर पोस्ट किया, जहां OpenAI के सीईओ सैम ऑल्टमैन और xAI के CEO इलॉन मस्क ने भी उनकी इस मांग का समर्थन किया। यह सहमति ऐसे समय बनी है, जब पिछले कुछ दिनों में AI के नियंत्रण से बाहर जाने के खतरे को लेकर कई गंभीर चेतावनियां सामने आई हैं। एंथ्रोपिक के रिसर्चर जैकब कॉक्सन के इस्तीफे ने इस बहस को और तेज कर दिया है। हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने AI की आलोचना करने वालों को नेगेटिव फोर्स बताया। उन्होंने कहा, ‘AI से मानव जाति के खत्म होने की आशंका को लेकर कोई चिंता नहीं है। हमारी प्राथमिकता AI की वैश्विक दौड़ में अमेरिका को आगे रखना है।’
अमोदेई ने कहा कि AI कंपनियों की होड़ ऐसी स्थिति पैदा कर सकती है, जहां सुरक्षा जांच के लिए पर्याप्त समय ही न बचे। सरकारें AI कंपनियों को सुरक्षा नियमों और सीमाओं पर आपस में तालमेल बनाने में मदद करें। उन्होंने चीन जैसे देशों के साथ वैश्विक स्तर पर भी बातचीत की जरूरत बताई है। मस्क ने अमोदेई का लेख शेयर करते हुए लिखा, 'डारियो सही हैं।' वहीं, ऑल्टमैन ने कहा कि वह सहमत हैं कि AI तकनीक को नियंत्रित रफ्तार से आगे बढ़ाया जाना चाहिए। अमोदेई ने सुझाया कि स्वतंत्र विशेषज्ञों को AI मॉडल की जांच की अनुमति मिले। ऑल्टमैन ने कहा कि OpenAI ऐसा करेगा।