Rajnath Singh Khateek Samajs Contribution To National Defense Is Glorious History Needs Rewriting
'खटीक समाज का योगदान गौरवशाली'
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, आगरा : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को आरबीएस कॉलेज के सभागार में आयोजित खटीक समाज गर्जना सम्मेलन को संबोधित किया। कहा कि खटीक समाज का वैदिक काल से राष्ट्र रक्षा और धर्म के प्रति गौरवशाली योगदान रहा है, लेकिन इतिहास में समाज को उचित स्थान नहीं मिल पाया। उन्होंने समाज के इतिहास का पुनर्लेखन कर वास्तविक योगदान को सामने लाने की बात कही।
रक्षा मंत्री ने कहा कि विदेशी आक्रांताओं के खिलाफ संघर्ष से लेकर आजादी की लड़ाई तक खटीक समाज ने राष्ट्र और सभ्यता की रक्षा के लिए योगदान दिया। मुगलों के अनेक अत्याचार सहने के बावजूद समाज ने धर्म नहीं छोड़ा। अंग्रेजों के खिलाफ भी समाज संघर्ष करता रहा। राम मंदिर आंदोलन में भी उल्लेखनीय भूमिका रही। कहा कि समाज को जाति के चश्मे से देखने वाले लोग उसके मूल भाव और योगदान को नहीं समझ सकते। अलग-अलग लोगों के कर्तव्य भले अलग रहे हों, लेकिन लक्ष्य राष्ट्र रक्षा ही रहा। खटीक समाज को वीरता, साहस और राष्ट्रभक्ति का परिचायक बताया।राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के विकास कार्यों की भी प्रशंसा की। कहा कि प्रदेश तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। पहले यूपी की पहचान गड्ढों वाली सड़कों से होती थी, लेकिन अब गांव से लेकर बड़े शहरों तक सड़कों की स्थिति में सुधार हुआ है। प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। पहले हर जिले में माफिया और नामी अपराधियों की पहचान होती थी, जबकि अब जिलों की पहचान उनके उत्पादों से हो रही है। औद्योगिक कॉरिडोर भी स्थापित किए जा रहे हैं। सम्मेलन में रक्षा मंत्री को चांदी का मुकुट पहनाया गया। हालांकि उन्होंने वापस करते हुए कहा कि इसे तुड़वाकर किसी गरीब परिवार की बेटी के लिए चांदी की पायल बनवा दी जाए, ताकि विदाई के समय उसके पैर खाली न रहें।