मड़ियांव में चला रहे थे नकली पान मसाला फैक्ट्री, दो अरेस्ट

नवभारतटाइम्स.कॉम
fake pan masala factory busted in madhiyanv two arrested
n NBT न्यूज, लखनऊ : मड़ियांव में पुलिस ने नकली पान मसाला तैयार कर अलग-अलग ब्रैंड के नाम से बाजार में बेचने वाले दो लोगों को शानुवार देर रात गिरफ्तार किया है। सिकरवार चौराहे के पास एक मकान में छापा मारकर पुलिस ने 39.50 किलो तैयार मिश्रित पान मसाला, 5.50 किलो खुला तंबाकू, कत्था-चूना पाउडर और पैकिंग मशीन बरामद की है। मौके से कई पान मसाला कंपनियों के खाली पाउच और रैपर भी मिले हैं।

इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवा नंद मिश्र ने बताया कि गुरुवार देर रात एसआई अखिलेश कुमार टीम के साथ सीतापुर रोड पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक पान मसाला कंपनी के प्रतिनिधि अंकित कुमार ने पुलिस को सूचना दी कि सिकरवार चौराहे के पास एक मकान में नकली पान मसाला तैयार किया जा रहा है। पुलिस टीम ने दबिश देकर दो लोगों को पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से एक इलेक्ट्रॉनिक पैकिंग मशीन, मशीन के 10 पार्ट्स, रैपर चिपकाने वाला हीटर, एलिमेंट हीटर और पान मसाले के सेंट की दो बोतलें भी मिलीं। कंपनियों के खाली पाउच, डिब्बे और रैपर बरामद किए गए। आरोपितों की पहचान रायबरेली के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के देहली महराजगंज निवासी पिंटू गुप्ता और पवन साहू (30) के रूप में हुई।
असली जैसी करते थे पैकिंग: अंकित कुमार ने बताया कि बरामद पैकेट देखने में असली जैसे हैं, लेकिन उनकी सीलिंग और पाउच की कटिंग कंपनी की असली पैकिंग से अलग है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि तैयार मिश्रण में अलग-अलग कंपनियों के हिसाब से सेंट मिलाकर उसे संबंधित ब्रैंड के रैपर में पैक करते थे।