Fraud Accused Absconds From Court Two Police Teams Engaged In Search
सरेंडर के बाद कोर्ट से फरार हुआ आरोपित, तलाश जारी
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखनऊ : धोखाधड़ी के मामले में कोर्ट में सरेंडर के बाद फरार हुए आरोपित की तलाश में पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं। कोर्ट के वरिष्ठ लिपिक आलोक त्रिपाठी की तहरीर पर आरोपित समेत दो कोर्ट मोहर्रिरों के खिलाफ वजीरगंज में केस दर्ज किया गया है।
थानाप्रभारी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि आशियाना के सेक्टर-जे निवासी जयकेश त्रिपाठी के खिलाफ आशियाना निवासी कारोबारी अशोक अवस्थी ने 5 अप्रैल 2022 को जमीन के नाम पर लाखों रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। आशियाना पुलिस ने जांच के बाद चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी थी। कोर्ट में हाजिर न होने पर जयकेश के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी हुआ था। नौ सितंबर को आरोपित ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चतुर्थ की कोर्ट में सरेंडर किया। कोर्ट मोहर्रिर प्रवीण कुमार और पूजा मिश्र ने उसे अभिरक्षा में ले लिया। कोर्ट ने उसे जेल भेजने का आदेश दिया। आदेश होते ही आरोपित ने दिल की बीमारी का हवाला देते हुए लघुशंका और पानी पीने के लिए बाहर जाने की अनुमति मांगी। अनुमति मिलने के बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला।