History sheeter Accused Of Elderly Murder In Madiyav Arrested Absconding For 8 Years
मड़ियांव में बुज़ुर्ग की हत्या का आरोपित हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : मड़ियांव थाने के पास शनिवार को बाइक से टक्कर के बाद हुए विवाद में बुजुर्ग की हत्या और पोते पर जानलेवा हमले के मामले के आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित लखीमपुर से हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई भी हो चुकी है। आरोपित के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रेप व अन्य गंभीर धाराओं में लखीमपुर में केस दर्ज हैं। आरोपित लखीमपुर में हत्या के मामले में 8 वर्षों से फरार चल रहा था।
मड़ियांव के भरतनगर में रहने वाले नगर निगम से रिटायर्ड मदन बिहारी तिवारी (70) शनिवार सुबह पोते संकल्प तिवारी (19) के साथ बाइक से जा रहे थे। मड़ियांव थाने के पास शराब के ठेके सामने उनकी बाइक विपरीत दिशा में आ रहे केशवनगर निवासी राजकुमार उर्फ मलाई से टकरा गई थी। इस पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया था। इसी बीच राजकुमार ने पेपर कटर से संकल्प पर हमला कर दिया था। मदन बिहारी अपने पोते संकल्प को बचाने के लिए पहुंचे तो आरोपित ने पेपर कटर से उनके ऊपर कई वार करके हत्या कर दी थी। संकल्प भी हमले मेंं गभीर रूप से घायल हुआ था। उसका इलाज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। हत्या के बाद आरोपित भाग गया था। डीसीपी नॉर्थ ने आरोपित पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया था। रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपित राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया।पेंटर का काम कर रहा था
पुलिस के मुताबिक राजकुमार केशवनगर में रह रहा था। वह पेंटिंग का काम करता था। इंस्पेक्टर शिवानन्द मिश्रा ने बताया कि आरोपित 2019 से लखीमपुर खीरी से हत्या के मामले में फरार चल रहा है। लखीमपुर पुलिस उसे तलाश रही थी। उसके खिलाफ लखीमपुर, और बीकेटी में 7 आपराधित मामले दर्ज हैं। लखीमपुर की मैलानी पुलिस ने उसके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। इसके अलावा वह लखीमपुर से हिस्ट्रीशीटर भी है।