जेल से छूटते ही मदरसा मालिक को फिर दी हत्या की धमकी
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखनऊ: मदरसे के मालिक की हत्या की सुपारी देने के आरोप में जेल भेजा गया आरोपित जमानत पर बाहर आने के बाद एक बार फिर विवाद में आ गया। आरोप है कि शनिवार को आरोपित और उसका भाई मदरसे पहुंचे और मालिक को हत्या की धमकी देने के साथ गाली-गलौज की। इसके बाद मदरसे में लगे सीसीटीवी कैमरों में तोड़फोड़ की और उनके तार नोंच दिए। पीड़ित ने ठाकुरगंज थाने में दोनों भाइयों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी ओमवीर सिंह ने बताया कि रिवेश कॉलोनी निवासी इरफान अहमद का ठाकुरगंज के भूहर इलाके में मदरसा है। आरोप है कि बिलाल हाशमी और उसका भाई हिलाल मदरसे पर कब्जा करना चाहते हैं। पूर्व में दोनों भाइयों ने उनकी हत्या की सुपारी दी थी। हजरतगंज पुलिस ने आरोपित और उनके साथियों को जेल भेजा था। हालांकि कोर्ट ने दो दिन में ही दोनों को जमानत दे दी थी। पीड़ित के मुताबिक, जेल से निकलने के बाद से दोनों भाई उन्हें हत्या की धमकी दे रहे थे। शनिवार को वह मदरसे में बिजली का काम करवा रहे थे। इसी दौरान बिलाल और हिलाल वहां पहुंच गए। दोनों ने गाली-गलौज करते हुए जानमाल की धमकी दी। इसके बाद मदरसे में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। पीड़ित ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।एक भाई शिक्षक, दूसरा संभालता है प्रबंधन : पुलिस के मुताबिक, हिलाल मदरसे में शिक्षक है, जबकि उसका भाई बिलाल उप प्रबंधक की जिम्मेदारी संभालता है। दोनों पिछले 18 वर्षों से मदरसे से जुड़े हैं। मदरसे के प्रबंधन और कब्जे को लेकर ही विवाद की बात सामने आई है।
दो लाख रुपये में दी थी हत्या की सुपारी : हजरतगंज पुलिस ने 21 अगस्त को इरफान की हत्या की साजिश का खुलासा किया था। पुलिस के अनुसार बिलाल ने सआदतगंज निवासी अमन कुरैशी से संपर्क किया था। अमन ने अधिवक्ता फरहान, सोहल अहमद और एक अन्य बिलाल हाशमी को साथ लिया। आरोप है कि अमन ने अपने सहयोगियों के जरिए शाहिद और जमीर को इरफान की हत्या के लिए दो लाख रुपये की सुपारी दी थी। पुलिस के मुताबिक अमन ने भाड़े के हत्यारों को पिस्टल उपलब्ध करवाई थी।