तेल के दाम, महंगाई के आंकड़े तय करेंगे बाजार की चाल!

नवभारतटाइम्स.कॉम
oil prices and inflation data to determine stock market direction
n NBT रिपोर्ट

अवकाश के कारण कम कारोबारी सत्रों वाले इस हफ्ते में शेयर बाजार की दिशा अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर पर निर्णय, घरेलू मुद्रास्फीति के आंकड़ों, कच्चे तेल की कीमतों और पश्चिम एशिया के घटनाक्रमों से तय होगी। सोमवार को ‘गणेश चतुर्थी’ के अवसर पर शेयर बाजार बंद रहेंगे।
भारतीय शेयर बाजार में लगातार पांचवें हफ़्ते गिरावट का दौर जारी रहा। इसकी वजह कच्चे तेल की ऊंची कीमतें, ग्लोबल बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी और अमेरिका में लगातार बनी हुई महंगाई को लेकर चिंताएं थीं। हालांकि जानकारों का कहना है कि हालिया बिकवाली ने बेंचमार्क इंडेक्स को 'ओवरसोल्ड' ज़ोन में पहुंचा दिया था, जिससे निचले स्तरों पर 'वैल्यू बाइंग' को बढ़ावा मिला। रेलिगेयर ब्रोकिंग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा, ‘वैश्विक स्तर पर, अमेरिका-ईरान संघर्ष से जुड़े घटनाक्रम और ब्रेंट क्रूड की चाल बाजार के प्रमुख उत्प्रेरक बने रहेंगे। अगले सप्ताह अमेरिकी फेडरल रिजर्व का मौद्रिक नीति निर्णय और ब्याज दरों के भविष्य के रुख पर उसकी टिप्पणी पर भी नजर रहेगी।’ उन्होंने कहा कि घरेलू मोर्चे पर अगस्त के थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) और उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) आधारित मुद्रास्फीति के आंकड़ों के साथ ही बेरोजगारी और व्यापार संतुलन के आंकड़े भी चर्चा में रहेंगे।