मौदहा में खराब खाद्य सामग्री भेजे जाने की सूचना पर पुलिस-प्रशासन की टीम ने गुरुवार को छापा मारा। स्टेशन रोड स्थित मैसर्स आंचल ट्रेडर्स में जांच के दौरान करीब साढ़े तीन लाख रुपये के एक्सपायरी टॉफी, बिस्कुट, चॉकलेट, केक आदि बरामद हुए। इनमें से कई दो साल पहले ही एक्सपायर हो चुके थे। फर्म का लाइसेंस रद्द करने के साथ जांच शुरू करवा दी गई है।एसडीएम करणवीर सिंह के अनुसार एक्सपायरी खाद्य सामग्री शिफ्ट किए जाने की सूचना पर छापा मारा गया था। मौके से मिली खराब खाद्य सामग्री को नष्ट करवाने के साथ ही नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। पता लगाया जा रहा है कि माल बिक्री के लिए रखा था या कहीं सप्लाई की तैयारी थी। सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. गौरीशंकर के बताया कि आंचल ट्रेडर्स के प्रोपराइटर सुरेंद्र कुमार ओमर का लाइसेंस रद्द करने के साथ ही जांच शुरू करवा दी गई है।