Youth Beats Security Guard In Lift Over Parking Dispute Cctv Footage Goes Viral
पार्किंग विवाद में युवक ने सुरक्षा गार्ड को पीटा
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, ग्रेनो वेस्ट
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित सुपरटेक इको विलेज-2 सोसायटी में पार्किंग को लेकर विवाद में एक किराएदार निवासी ने लिफ्ट के भीतर सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की। पूरी घटना लिफ्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।बिसरख कोतवाली पुलिस के अनुसार, सुपरटेक इको विलेज-2 सोसायटी के एक फ्लैट में नवीन कुमार अपने परिवार के साथ किराए पर रहते हैं। मंगलवार को नवीन ने पार्किंग एरिया में अपनी गाड़ी तिरछी खड़ी कर दी थी। इससे पास की जगह में गाड़ी पार्क करने वाले दूसरे निवासी को परेशानी होने लगी। पड़ोसी की शिकायत पर ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड अभय ने नवीन से संपर्क किया और उनसे अपनी गाड़ी सीधी खड़ी करने का अनुरोध किया, ताकि दूसरे निवासी भी अपनी गाड़ी आसानी से लगा सकें। गाड़ी सीधी करने की बात से नाराज होकर नवीन ने लिफ्ट के अंदर सुरक्षा गार्ड अभय पर हमला कर दिया और उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद दोनों के बीच लिफ्ट में ही हाथापाई शुरू हो गई। लिफ्ट में मौजूद एक महिला ने बीच-बचाव करने की कोशिश भी की। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।