Dubaggas Buggy Driver Ramkishore Murdered Suspected Love Affair Four Including Woman In Custody
दुबग्गा के बग्घी चालक का था लकड़ी के बक्से में मिला शव
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखनऊ : मोहनलालगंज में नहर पुलिया के नीचे लकड़ी के बंद बक्से में मिले युवक के शव की पहचान दुबग्गा निवासी बग्घी चालक रामकिशोर वाल्मीकि (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
रायबरेली-लखनऊ हाइवे पर भावाखेड़ा के पास बुधवार को लकड़ी के बक्से में युवक का शव मिला था। मोहनलालगंज थाना प्रभारी रामबाबू सिंह के मुताबिक, घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें एक ई-रिक्शा पुलिया के पास आता दिखाई दिया। ई-रिक्शे पर तीन लोग सवार नजर आए। तीनों ने पुलिया से लकड़ी का बक्सा नीचे फेंका और लौट गए थे।युवक के परिवार की चल रही तलाश : पुलिस ने ई-रिक्शे के नंबर के आधार पर जांच शुरू की। उसका रजिस्ट्रेशन दुबग्गा निवासी महिला के नाम मिला। इसके बाद पुलिस ने महिला से पूछताछ की। जांच में बक्से में मिले शव की पहचान रामकिशोर वाल्मीकि के रूप में हुई। वह दुबग्गा में रहकर बग्घी चलाता था। पुलिस उसके परिवार और स्थायी पते की जानकारी जुटा रही है।
प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका : पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। महिला के रामकिशोर से संबंध थे। आशंका है कि महिला ने किसी अन्य युवक के साथ मिलकर उसकी हत्या की और शव बक्से में भरकर फिंकवा दिया। पुलिस बक्से पर लिखे फोन नंबर पर भी संपर्क कर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।