LPS और CMS की स्कूल बसों में कमियां, 9 का चालान

नवभारतटाइम्स.कॉम
lps and cms school buses have deficiencies 9 buses fined questions on safety standards
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : राजधानी में स्कूली वाहनों की चेकिंग का अभियान गुरुवार को भी जारी रहा। उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र) राधेश्याम के नेतृत्व में आरटीओ की प्रवर्तन टीम ने लखनऊ पब्लिक स्कूल (LPS) और सिटी मांटेसरी स्कूल (CMS) राजाजीपुरम में संचालित बसों का निरीक्षण किया। टीम ने दोनों विद्यालयों की 45 स्कूली बसों के फिटनेस, परमिट, बीमा और अन्य कागजातों को खंगाला। प्रपत्रों में कमियां मिलने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर 9 स्कूली वाहनों का ऑन द स्पॉट चालान किया गया।

अधिकारियों ने दोनों स्कूलों के प्रधानाचार्यों व स्टाफ के साथ बैठक की। आरटीओ प्रवर्तन प्रभात पांडेय ने बताया कि प्रबंधन से कहा गया कि स्कूली बच्चों को लाने वाली बसों में महिला अटेंडेंट की मौजूदगी अनिवार्य की जाए। बसों के चालकों का पुलिस से चरित्र सत्यापन कराया जाए और उसके अभिलेख सुरक्षित रखे जाएं। विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति का गठन कर नियमित बैठकें बुलाई जाएं। बसों के फिटनेस, परमिट और इंश्योरेंस समय पर रिन्यू हों। किसी भी कमी को तुरंत दूर कराया जाए। उप परिवहन आयुक्त राधेश्याम ने स्पष्ट ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। चेकिंग टीम में आरटीओ प्रवर्तन प्रभात पांडेय, एआरटीओ प्रशासन प्रदीप कुमार सिंह व हिमांशु जैन और एआरटीओ प्रवर्तन आलोक कुमार यादव शामिल रहे।