Party Held By Selling Youths Blood To Cover Petrol Expenses Two Arrested
पेट्रोल का खर्च निकालने के लिए रची साजिश, दो अरेस्ट
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, निगोहां: मोबाइल की किस्त वसूलने के लिए रिकवरी एजेंटों ने युवक को कथित तौर पर बंधक बनाकर जबरन उसका खून निकलवा दिया। आरोप है कि खून बेचकर मिली रकम से पेट्रोल का खर्च निकाला और बची रकम से पार्टी की। इसके बाद युवक को चार दिन तक बंधक रखकर घर का प्लास्टर भी तुड़वाया। निगोहां पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के मैनेजर समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। तीसरा आरोपित शुभम सिंह फरार है।
डीसीपी साउथ मोहम्मद मुश्ताक के मुताबिक, राजारामखेड़ा निवासी नेवल किशोर ने फाइनेंस पर 30,500 रुपये का मोबाइल खरीदा था। उसकी 2,607 रुपये की किस्त बकाया थी। आठ सितंबर को फील्ड एजेंट शुभम सिंह साथी के साथ उसे दुकान ले जाने के बहाने ले गया और बुद्धेश्वर स्थित ब्लड बैंक में जबरन एक यूनिट खून निकलवाकर बेच दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने बताया कि नेवल के घर कई बार जाने में पेट्रोल खर्च हुआ था और कंपनी जल्द किस्त वसूलने का दबाव बना रही थी। बाद में नेवल को चार दिन बंधक रखकर प्लास्टर तुड़वाया गया। उसके भाई से 2,799 रुपये ऑनलाइन जमा कराने के बाद 12 सितंबर को छोड़ा गया। पुलिस ने अनिकेत सिंह और सुशांत शर्मा (31) को सुलह के लिए जाते समय गिरफ्तार किया।