अमित शाह करेंगे यूपी इंटरनैशनल ट्रेड शो का उद्घाटन

नवभारतटाइम्स.कॉम
Navbharat Times
n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा

यूपी इंटरनैशनल ट्रेड शो का उद्घाटन 25 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले ट्रेड शो में देश-विदेश के उद्योगपति, निर्यातक और भारी संख्या में विदेशी खरीदार पहुंचेंगे।
FIEO के अधिकारियों के अनुसार ट्रेड शो के चौथे संस्करण में एक हजार से अधिक प्रदर्शक हिस्सा लेंगे। विदेशी और भारतीय कारोबारियों के बीच बी2बी बैठकें होंगी, जिससे प्रदेश के उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नए कारोबारी अवसर और साझेदारी मिलने की संभावना है। जापान, रूस, वियतनाम, ऑस्ट्रिया और सिंगापुर समेत पांच देशों को पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल किया गया है।

आयोजन में उत्तर प्रदेश की एमएसएमई, वस्त्र एवं परिधान, चमड़ा, खाद्य प्रसंस्करण, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, हस्तशिल्प, ओडीओपी और सेवा क्षेत्र से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। विदेशी खरीदारों और व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों के लिए प्रदेश के उद्यमियों से सीधे संपर्क और उत्पादों की खरीद-सोर्सिंग का अवसर रहेगा। आयोजकों के अनुसार पांच दिवसीय आयोजन का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ना और राज्य को बड़े सोर्सिंग हब के रूप में प्रस्तुत करना है। ट्रेड शो में बड़ी संख्या में आगंतुकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और ट्रैफिक विभाग ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं।