Teachers Meet Mla Over Tet Passing Directive Demand Solution
TET पास करने के निर्देश को लेकर विधायक से मिले शिक्षक
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, गुड़गांव
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल ने टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (TET) को लेकर विधायक मुकेश शर्मा से मुलाकात की। संघ ने विभाग की ओर से जारी पत्र में वर्ष 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों के लिए भी अगस्त 2028 तक TET पास करने की शर्त पर चिंता जताई। जिला प्रधान अशोक प्रजापति ने बताया कि इस फैसले से प्राथमिक और टीजीटी के करीब 22 हजार शिक्षक प्रभावित हो सकते हैं। इनमें कई शिक्षकों की उम्र 50 साल से अधिक है। इस उम्र में परीक्षा की तैयारी करना शिक्षकों के लिए मुश्किल है। प्रतिनिधिमंडल ने इस दौरान विधायक से शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री के साथ बैठक करवा समस्या का जल्द से जल्द समाधान कराने का आग्रह किया। विधायक ने शिक्षा मंत्री के कार्यालय से संपर्क कर संघ को बैठक का समय दिलाने की बात कही। संघ ने बताया कि मामले में सुप्रीम कोर्ट में रिव्यू पिटिशन भी दायर की गई है।