आरोग्य सेतु पर मिलेगी जांच रिपोर्ट, रखे डिजिटल रेकॉर्ड
आरोग्य सेतु पर मिलेगी जांच रिपोर्ट, रखे डिजिटल रेकॉर्ड
Contributed by: ranvijay.singh1|नवभारतटाइम्स.कॉम•
None
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : सरकारी अस्पताल में जांच करवाने के बाद अब घर बैठे रिपोर्ट पाना ज्यादा आसान होने जा रहा है। प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में करवाई गई लैब जांच की रिपोर्ट अब मरीजों को आरोग्य सेतु ऐप पर भेजने की तैयारी है। इसके तहत शुरू हुए पायलट प्रॉजेक्ट के तहत अब तक प्रदेश के करीब 900 सरकारी अस्पतालों को जोड़ा जा चुका है। उम्मीद है कि अगले महीने इस योजना का अधिकारिक तौर पर लोकार्पण होगा, जिसके बाद यह व्यवस्था पूरी तरह से शुरू हो जाएगी।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की सचिव रितु माहेश्वरी के मुताबिक आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत यह व्यवस्था तैयार की जा रही है। प्रदेश के 900 से ज्यादा सरकारी अस्पतालों में लैबोरेटरी इंफॉर्मेशन सिस्टम (LIS) को हॉस्पिटल मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (HMIS) से जोड़ा जा चुका है। LIS-HMIS इंटीग्रेशन के बाद मरीजों को लैब जांच के लिए बार-बार रजिस्ट्रेशन करवाने की जरूरत नहीं रह गई है। जांच के परिणाम सीधे HMIS पर उपलब्ध होने से डॉक्टरों को रिपोर्ट का इंतजार नहीं करना पड़ता। इससे रिपोर्ट के आधार पर इलाज शुरू करने या आगे की जांच तय करने में समय बच रहा है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक मरीजों से जुड़ी जानकारी अपडेट करने के लिए मैनुअल डेटा एंट्री की दिक्कत भी खत्म होगी।पुरानी से पुरानी रिपोर्ट का भी रहेगा डिजिटल रेकॉर्ड : आरोग्य सेतु ऐप से पहले मरीजों को लैब रिपोर्ट वॉट्सऐप और SMS के जरिए भी भेजने की व्यवस्था है। विभाग के आंकड़ों के अनुसार, करीब 58.07 लाख रिपोर्ट के लिए वॉट्सऐप मेसेज भेजे गए, जिनमें 37.66 लाख रिपोर्ट मरीजों तक पहुंचीं। इसी तरह करीब 46.50 लाख SMS भेजे गए, जिनमें 31.40 लाख मरीजों को लैब रिपोर्ट भेजी गई। हालांकि, इस व्यवस्था में सबसे बड़ी खामी यह थी कि मरीज अपनी वॉट्सऐप पर मिली रिपोर्ट को ज्यादा देर तक सुरक्षित नहीं रख पाते थे। उन्हें रिपोर्ट लेने के लिए अस्पताल आना ही पड़ता था। वहीं, कई बार मरीजों ने रिपोर्ट न मिलने की शिकायतें भी दर्ज करवाईं। माना जा रहा है कि आरोग्य सेतु ऐप के जरिए इस तरह की शिकायतें भी खत्म होंगी। इसके साथ ही ऐप पर हमेशा रिपोर्ट सुरक्षित रहेगी। ऐसे में मरीज के पास अपनी पुरानी जांच रिपोर्ट का डिजिटल रेकॉर्ड भी रहेगा।