बाराबंकी: सरयू में समाई मस्ज़िद, अस्पताल और मंदिर पर भी खतरा

नवभारतटाइम्स.कॉम•
saryus fury in barabanki mosque washed away temple and hospital under threat
nNBT न्यूज, बाराबंकी/गोंडा

यूपी में तीन दिन से जारी भारी बारिश ने कई जिलों में बाढ़ और कटान का खतरा बढ़ा दिया है। सरयू, गंगा समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे बसे गांवों में दहशत है। बाराबंकी में सरयू की कटान से मस्जिद नदी में समा गई, जबकि मंदिर और पशु अस्पताल पर खतरा मंडरा रहा है। गोंडा में चंदवतपुर घाट पुल तक पानी पहुंच गया है।
सरयू नदी खतरे के निशान से करीब 23 सेमी ऊपर पहुंच गई है। कटान से बाबा नारायण दास मंदिर पर खतरा मंडराने लगा है। मंदिर को बचाने के लिए बाढ़ कार्य खंड की तरफ से लगवाए गए करोड़ों के जीओ बैग व बोल्डर कटकर नदी में समा गए हैं। हेतमापुर स्थित पशु चिकित्सालय भी कटान की जद में आ गया है। अस्पताल की बाउंड्री पहले ही नदी में समा चुकी है। खतरा देखते हुए मुख्य भवन खाली करवाया जाने लगा है। इस बीच हेतमापुर व आसपास के गांवों के करीब 50 घर भी नदी की धारा में समा चुके हैं।

48 घंटे बाद भी बिजली नहीं: कई इलाकों में तीसरे दिन भी बिजली गुल रही। पल्हरी उपकेंद्र से जुड़े बड़ेल, दरामनगर व छेदानगर में अंडरग्राउंड लाइन में आया फॉल्ट रविवार तक दूर नहीं हो सका। गांधीनगर फीडर से जुड़े इलाकों में बिजली पोल टूटने से आपूर्ति ठप है। रामसनेहीघाट डिवीजन के फीडर 48 घंटे बाद रविवार दोपहर शुरू हो सके। हालांकि दुल्हादेपुर उपकेंद्र का जेठौती फीडर ठप रहा।