हाइवे पर रेस लगा रही कार हुई बेकाबू, क्रेन से टकराई

नवभारतटाइम्स.कॉम•
car racing on delhi jaipur highway goes out of control collides with crane another car also damaged
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

दिल्ली-जयपुर हाइवे (NH-48) पर हीरो होंडा चौक फ्लाईओवर के पास रविवार देर रात दो कारों के बीच कथित रेस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क पर आगे चल रही हाइड्रा क्रेन से जा भिड़ी। बेकाबू कार की चपेट में आकर एक अन्य कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात एसयूवी गाड़ी और ब्रेजा कार सवार युवक एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार में एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान एक चालक का कार पर नियंत्रण नहीं रहा और वह आगे चल रही हाइड्रा क्रेन से जा टकराई। टक्कर के बाद कार घूमकर सड़क के बीच में आ गई। इसके चलते पीछे से आ रही एक अन्य कार भी उसकी चपेट में आ गई। बताया जा रहा है कि हादसे का पूरा घटनाक्रम पीछे चल रही एक कार के डैशकैम में रिकॉर्ड हो गया। घटना का विडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।