मंडावली के ‘सट्टा किंग’ के सिंडिकेट पर लगा मकोका

नवभारतटाइम्स.कॉम•
mcoca imposed on mandawalis satta king vinay kumar rais syndicate drug and illegal arms network exposed
Shanker.Singh

@timesofindia.com
nनई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में सट्टा, ड्रग्स और अवैध हथियारों का नेटवर्क चलाने के आरोप में ‘सट्टा किंग’ विनय कुमार राय (37) के क्राइम सिंडिकेट पर महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गेनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) लगा दिया गया है। लगातार अपराध में लिप्त रहने और अलग-अलग लड़कों को जोड़कर संगठित अपराध करने के आरोप में विनय पर 24 सितंबर को प्रीत विहार थाने में मकोका के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है।

पुलिस के मुताबिक, विनय मंडावली थाने का घोषित बदमाश (BC) है। दिल्ली से दो बार तड़ीपार (आउट) भी किया जा चुका है। इस पर 2012 से 2026 तक 17 से मुकदमे दर्ज हुए हैं। इनमें गैंबलिंग एक्ट, आर्म्स एक्ट, पुलिस वालों से मारपीट, धमकी, लूट और ड्रग्स से जुड़े मामले हैं। विनय का मुख्य काम सट्टा है, जो अपने अड्डों को ऑपरेट करने के लिए अलग-अलग लड़कों को जिम्मेदारी देता है। गैंग मेंबर साउथ गणेश नगर के अनिल गुप्ता उर्फ लल्ला, कल्याणपुरी के लाला राम और लोनी के अबरार उर्फ राजा को भी नामजद किया गया है।

अनिल गुप्ता सिंडिकेट में प्रमुख सहयोगी था, जो सट्टे के अड्डे चलाने में भूमिका निभाता था। इसके खिलाफ मंडावली थाने में गैंबलिंग एक्ट और आर्म्स एक्ट के दो केस दर्ज हैं। लाला राम जुए के नेटवर्क के लिए पंटर जुटाने और पैसों के लेन-देन का काम करता था। वह जूलरी का कारोबार भी करता है, जिसके जरिए अवैध रकम के लेन-देन की जांच की जा रही है। इस पर सट्टे और स्नैचरों से चोरी का माल खरीदने समेत पांच केस हैं। लोनी का अबरार उर्फ राजा पर दिल्ली के अलग-अलग थानों सट्टे के छह केस हैं, जो विनय का सट्टा ऑपरेटर है।

पुलिस का दावा है कि विनय नाबालिग लड़कों को नेटवर्क से जोड़ता था। इनसे पुलिस की निगरानी के अलावा सट्टे, ड्रग्स और अवैध शराब के काम भी करवाता था। ऐसे कुछ लड़के बाद में जघन्य जुर्म में शामिल हुए। इनमें रेहान उर्फ सकला, हर्ष मिश्रा, अमन कुमार और लकी भारद्वाज प्रमुख हैं, जो शकरपुर में एक हत्या में लिप्त हुए। आरोपी हर्ष मंडावली थाने में दर्ज पुलिसकर्मी पर हमला करने के केस में विनय के साथ आरोपी है। एक एसआई और सिपाही पर भी हमला किया गया। इन हमलों का मकसद सिंडिकेट का टेरर फैलाना और विरोध को दबाना था।

ड्रग्स केस में 50 हजार का इनाम : पुलिस के मुताबिक, विनय प्रीत विहार थाने में मार्च 2026 में दर्ज NDPS केस में वॉन्टेड है। पुलिस कमिश्नर ने इसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम रखा है। इस केस में इसकी सहयोगी रजिया की गिरफ्तारी हो हुई थी। पूछताछ में रजिया ने बताया कि वह मंडावली के विनय राय के निर्देश पर ड्रग्स की सप्लाई करती थी, जो उसे ड्रग्स खरीदने और बेचने के लिए पैसे देता ता। इसके अलावा मंडावली थाने में दर्ज एक अन्य मामले में भी विनय फरार है।

खातों में करोड़ों के लेन-देन की जांच : पुलिस का दावा है कि करीब 3-4 साल में उसके बैंक खातों में दो करोड़ रुपये से ज्यादा के लेनदेन सामने आए हैं। इसके अलावा 10 करोड़ रुपये से ज्यादा के संदिग्ध ट्रांजैक्शन की भी जांच की जा रही है। कुछ गाड़ियों का उल्लेख भी किया गया है, जिनमें उसके पिता के नाम पर करीब 18 लाख रुपये की कार है। बाइक और स्कूटर का भी रिकॉर्ड है। पुलिस का कहना है कि विनय की इनकम, उसकी प्रॉपर्टियों और बैंकिंग गतिविधियों की जांच की जा रही है।