मेट्रो प्रॉजेक्ट : लग चुके 28 यू-गर्डर, दिखने लगा स्ट्रक्चर

नवभारतटाइम्स.कॉम•
gurugram metro structure visible 28 u girders installed construction accelerates
nNBT रिपोर्ट, गुड़गांव

ओल्ड गुड़गांव मेट्रो के पहले फेज के निर्माण की रफ्तार अब बढ़ती नजर आ रही है। मिनिस्ट्री ऑफ हाउसिंग एंड अर्बन अफेयर्स (MOHUA) के निर्देशों के बाद निर्माण एजेंसी ने अलग-अलग हिस्सों में काम के लिए संसाधन बढ़ाए हैं। इसका असर अब साइट पर भी दिखाई देने लगा है। कॉरिडोर के करीब 28 यू-गर्डर पिलर पर स्थापित किए जा चुके हैं।
इससे मिलेनियम सिटी सेंटर से साइबर हब के बीच जमीन से ऊपर मेट्रो कॉरिडोर का स्ट्रक्चर साफ दिखाई देने लगा है। पहले फेज में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-9 तक मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। इस हिस्से में पाइलिंग, पाइल कैप, पियर और पियर कैप का काम अलग-अलग जगहों पर एक साथ चल रहा है। जहां पिलर तैयार हो चुके हैं, वहां उनके ऊपर पियर कैप और यू-गर्डर लगाने का काम भी किया जा रहा है। 28 अगस्त को कॉरिडोर का पहला 160 टन का प्री-टेंशन यू-गर्डर लॉन्च किया गया था। अधिकारियों की ओर से निर्माण में आने वाली अड़चनों को दूर कर संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने पर जोर दिया गया है। फिलहाल निर्माण की गतिविधियों में पिलर और यू-गर्डर की संख्या बढ़ने के साथ अब जमीन पर चल रहे काम के बजाय एलिवेटेड कॉरिडोर का स्ट्रक्चर भी नजर आने लगा है।