Horrific Fire In A Moving Dumper On The Middle Of The Road Traffic Jam
बीच सड़क दौड़ते डंपर में लगी आग, फंसा ट्रैफिक
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
पटौदी-रेवाड़ी रोड पर तेज रफ्तार डंपर में अचानक भीषण आग लग गई। इंजन से धुआं निकलने के बाद देखते ही देखते आग ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए डंपर को सड़क किनारे रोका और वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। आग के कारण कुछ समय के लिए ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से जले हुए डंपर को सड़क से हटवाकर ट्रैफिक सामान्य कराया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर पटौदी से रेवाड़ी की ओर जा रहा था। रास्ते में अचानक उसके इंजन से धुआं निकलने लगा। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में केबिन के नीचे से आग की लपटें उठने लगीं। केबिन में धुआं भरने पर चालक तुरंत डंपर रोककर बाहर निकल गया। कुछ ही मिनट में आग ने विकराल रूप ले लिया और डंपर का अगला हिस्सा धू-धूकर जलने लगा। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। फायर टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक डंपर का केबिन और अगला हिस्सा बुरी तरह जल चुका था।