कोलकाता में मुहर्रम जुलूस पर कड़े नियम: हथियार, डीजे और ऊंचे ताजिए प्रतिबंधित
कोलकाता में मुहर्रम जुलूस पर कड़े नियम: हथियार, डीजे और ऊंचे ताजिए प्रतिबंधित
NewsPoint•
कोलकाता, 24 जून (आईएएनएस)। कोलकाता पुलिस ने मुहर्रम के मौके पर कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। पुलिस ने साफ कर दिया है कि इस बार मुहर्रम के जुलूसों में हथियारों का प्रदर्शन, डीजे बजाना और बहुत ऊंचे ताजिए निकालना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ये निर्देश शहर में शांति और भाईचारा बनाए रखने के उद्देश्य से जारी किए गए हैं, ताकि अगले शुक्रवार को होने वाले मुहर्रम के आयोजनों में कोई व्यवधान न आए।
कोलकाता पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार शाम को शहर के सभी थानों को इस संबंध में निर्देश भेज दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ये फैसले शहर में अमन-चैन और कानून का राज बनाए रखने के लिए लिए गए हैं। अगले शुक्रवार को कोलकाता सहित पूरे पश्चिम बंगाल में मुहर्रम का पर्व मनाया जाएगा। इसे ध्यान में रखते हुए, संबंधित पुलिस थानों के डिप्टी कमिश्नर स्तर के अधिकारियों ने अपने थाना प्रभारियों के साथ एक अहम बैठक की। इस बैठक में लालबाजार स्थित कोलकाता पुलिस मुख्यालय से जारी किए गए नए दिशा-निर्देशों की जानकारी सभी थानों को दी गई।पुलिस मुख्यालय ने इस बात पर जोर दिया कि मुहर्रम के दौरान किसी भी नए जुलूस को इजाजत नहीं मिलेगी। केवल वही जुलूस निकाले जा सकेंगे, जो कई सालों से परंपरा के तौर पर आयोजित होते आ रहे हैं। इसके अलावा, किसी भी जुलूस में हथियारों का प्रदर्शन पूरी तरह से मना है। पुलिस ने ताजिए की ऊंचाई को लेकर भी खास हिदायतें दी हैं। अधिकारियों का कहना है कि ताजिए इतने ऊंचे नहीं होने चाहिए कि बिजली के तारों, केबलों या अन्य ढांचों को नुकसान पहुंचे। साथ ही, लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।
कोलकाता पुलिस ने यह भी आदेश दिया है कि किसी भी जुलूस में डीजे का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। अगर माइक या लाउडस्पीकर का इस्तेमाल होता है, तो उसकी आवाज कलकत्ता हाईकोर्ट द्वारा तय की गई ध्वनि सीमा के अंदर ही होनी चाहिए। जुलूस के आयोजकों को यह पक्का करना होगा कि किसी भी तरह का ध्वनि प्रदूषण न फैले। पुलिस ने आयोजकों को संवेदनशील या भड़काऊ संदेशों से बचने की भी सलाह दी है। अधिकारियों को ऐसे मामलों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, जुलूस आयोजकों के साथ बैठकें करके उन्हें सभी नियमों की जानकारी देने को कहा गया है।
शुक्रवार को जिन रास्तों से मुहर्रम के जुलूस गुजरेंगे, वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पूरे आयोजन के दौरान शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी लोग मिलकर इस पर्व को सौहार्दपूर्ण ढंग से मना सकें। पुलिस प्रशासन ने लोगों से भी सहयोग की अपील की है ताकि यह पर्व बिना किसी घटना के संपन्न हो सके।