कोलकाता में मुहर्रम पर सख्त नियम: डीजे, हथियार और ऊंचे ताजिए पर रोक

NewsPoint
Navbharat Times
कोलकाता, 24 जून (आईएएनएस)। कोलकाता पुलिस ने मुहर्रम के मौके पर कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस ने साफ कर दिया है कि इस बार मुहर्रम के जुलूसों में किसी भी तरह के हथियारों का प्रदर्शन नहीं होगा। साथ ही डीजे बजाने और बहुत ऊंचे ताजिए निकालने पर भी रोक लगा दी गई है। ये फैसले शहर में शांति और भाईचारा बनाए रखने के लिए लिए गए हैं। अगले शुक्रवार को मुहर्रम मनाया जाएगा, जिसके मद्देनजर पुलिस ने सभी थानों को निर्देश भेज दिए हैं।

कोलकाता पुलिस ने बुधवार को बताया कि मंगलवार शाम को उसके अधिकार क्षेत्र के सभी थानों को इस संबंध में निर्देश भेज दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ये कदम शहर में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उठाए गए हैं। अगले शुक्रवार को कोलकाता सहित पूरे पश्चिम बंगाल में मुहर्रम का पर्व मनाया जाएगा। इसे ध्यान में रखते हुए, संबंधित पुलिस थानों के डिप्टी कमिश्नर स्तर के अधिकारियों ने विभिन्न थाना प्रभारियों के साथ एक बैठक की। इस बैठक में लालबाजार स्थित कोलकाता पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी किए गए निर्देशों की जानकारी सभी थानों को दी गई।
पुलिस मुख्यालय ने यह स्पष्ट किया है कि मुहर्रम के दौरान किसी भी नए जुलूस को अनुमति नहीं दी जाएगी। केवल वही जुलूस निकाले जा सकेंगे, जो कई सालों से परंपरागत रूप से आयोजित होते आ रहे हैं। इसके अलावा, किसी भी जुलूस में हथियारों का प्रदर्शन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने ताज़ियों की ऊंचाई को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि ताज़िए ज़रूरत से ज़्यादा ऊंचे नहीं होने चाहिए। ऐसा इसलिए ताकि बिजली के तारों, केबलों और अन्य ढांचों को कोई नुकसान न पहुंचे और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

कोलकाता पुलिस ने यह भी आदेश दिया है कि किसी भी जुलूस में डीजे का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। यदि माइक या लाउडस्पीकर का उपयोग किया जाता है, तो उसे कलकत्ता हाईकोर्ट द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा के भीतर ही रखना होगा। जुलूस आयोजकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि किसी भी तरह का ध्वनि प्रदूषण न फैले। पुलिस ने संवेदनशील या भड़काऊ संदेशों से भी बचने की सलाह दी है। अधिकारियों को ऐसे मामलों पर विशेष नज़र रखने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, जुलूस आयोजकों के साथ बैठक कर सभी नियमों की जानकारी देने को कहा गया है।

शुक्रवार को जिन रास्तों से मुहर्रम के जुलूस गुजरेंगे, वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पूरे आयोजन के दौरान शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी लोग मिलकर इस पर्व को शांतिपूर्वक मनाएं। पुलिस ने जनता से भी सहयोग की अपील की है ताकि मुहर्रम का पर्व बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके। यह कदम इसलिए उठाए गए हैं ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो और सभी लोग सुरक्षित रहें। पुलिस का मुख्य उद्देश्य यही है कि इस बार का मुहर्रम शांति और सौहार्द का प्रतीक बने।