अंकिता लोखंडे और विक्की जैन ने बागेश्वर धाम पहुंचकर लिया धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का आशीर्वाद
अंकिता लोखंडे और विक्की जैन ने बागेश्वर धाम पहुंचकर लिया धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का आशीर्वाद
NewsPoint•
मुंबई, 24 जून। हाल ही में टीवी की जानी-मानी एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे अपने पति विक्की जैन के साथ बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मिलने पहुंचीं। इस मुलाकात की तस्वीरें उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर कीं, जिसमें वे बाबा के आशीर्वाद लेते हुए नजर आ रही हैं। इससे पहले एक्टर टाइगर श्रॉफ भी बागेश्वर बाबा से मिलकर आशीर्वाद ले चुके हैं।
अंकिता लोखंडे और विक्की जैन ने बागेश्वर बाबा के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। एक तस्वीर में दोनों बाबा के सामने बैठे आशीर्वाद लेते दिख रहे हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में तीनों मुस्कुराते हुए कैमरे के सामने पोज दे रहे हैं। अंकिता ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, “कुछ मुलाकातें पहले से तय होती हैं और कुछ आशीर्वाद बहुत कीमती होते हैं। बागेश्वर धाम बाबा के साथ इस दिव्य पल के लिए हम आभारी हैं।”यह मुलाकात इसलिए भी खास है क्योंकि हाल ही में एक्टर टाइगर श्रॉफ भी बागेश्वर बाबा से मिले थे। टाइगर श्रॉफ और धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच समाजसेवा और लोगों की भलाई से जुड़े मुद्दों पर बातचीत हुई थी। बाबा ने टाइगर को बागेश्वर धाम द्वारा चलाए जा रहे जनसेवा कार्यों के बारे में विस्तार से बताया। इनमें गरीब बेटियों के लिए कैंसर अस्पताल बनाने की योजना और बागेश्वर धाम में चल रही मां अन्नपूर्णा प्रसादम रसोई भंडारे जैसी सेवाएं शामिल हैं। टाइगर श्रॉफ ने इन सभी कामों को ध्यान से सुना और उनकी खूब तारीफ की।
दिलचस्प बात यह है कि अंकिता लोखंडे और टाइगर श्रॉफ ने फिल्म ‘बागी 3’ में साथ काम किया था। इस फिल्म में अंकिता ने टाइगर की ऑनस्क्रीन भाभी रुचि नंदन चतुर्वेदी का किरदार निभाया था, जबकि रितेश देशमुख उनके पति बने थे।
अंकिता लोखंडे और विक्की जैन की लव स्टोरी की बात करें तो उनकी मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी। शुरुआत में दोनों सिर्फ दोस्त थे, लेकिन धीरे-धीरे उनकी दोस्ती गहरी होती गई और वे एक-दूसरे के करीब आ गए। यह दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों ने अपने रिश्ते को दुनिया के सामने जाहिर कर दिया। साल 2019 में विक्की जैन ने बहुत ही रोमांटिक तरीके से अंकिता को प्रपोज किया था, जिसकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं। इसके बाद 2021 में दोनों ने शादी कर ली।
फिलहाल, अंकिता लोखंडे और विक्की जैन कुकिंग रियलिटी शो ‘लाफ्टर शेफ्स – अनलिमिटेड एंटरटेनमेंट’ में नजर आ रहे हैं। यह शो दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है।