ओमप्रकाश राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, 2027 में सपा के सफाया का दावा
ओमप्रकाश राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, 2027 में सपा के सफाया का दावा
NewsPoint•
लखनऊ, 29 जून (आईएएनएस)। सुभासपा प्रमुख और उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया है कि 2027 के आगामी विधानसभा चुनाव में सपा का सफाया हो जाएगा। राजभर ने सपा पर कई गंभीर आरोप भी लगाए हैं, जिसमें बहुजन समाज की जातियों को निशाना बनाने और उनके घरों व जमीनों पर कब्जा करने की साजिश का जिक्र है।
अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में, ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए कहा, "सुनिये, 'राजा बाबू' उर्फ अखिलेश यादव जी! मैं जानता हूं कि आपके समर्थक या तो अपनी लाठी को तेल पिला रहे हैं, या फिर चाकू और तलवार में धार लगा रहे हैं।" उन्होंने आगे कहा कि वे जानते हैं कि पिछले लगभग 10 सालों से अखिलेश यादव उनके खिलाफ अपने मन में द्वेष पाल रहे हैं और बस सरकार बदलने का सपना देख रहे हैं। राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव चाहते हैं कि उनकी सरकार बन जाए और लाल टोपी वाले उनके गुंडे-मवाली-माफिया थानों पर कब्जा कर लें। इसके बाद, उनके लोग पूरे प्रदेश में PDA यानी 'पीट देगा अहीर', 'पीट देगा अल्पसंख्यक' (सपाई) और KDA यानी 'काट देगा अहीर', 'काट देगा अल्पसंख्यक' (सपाई) जैसे अभियान चलाएंगे।मंत्री ने आरोप लगाया कि सपा का सबसे आसान निशाना पाल, प्रजापति, बिंद, केवट, मल्लाह, राजभर, निषाद, मांझी, दर्जी, तेली, लोनिया, फकीर और बंजारा जैसी बहुजन जातियां होंगी। उन्होंने कहा कि सपा के लोग इन जातियों के लोगों को मारेंगे-पीटेंगे, दंगे करवाकर सपाई मुसलमानों से उनके घरों को लुटवाएंगे, फिर आग लगा देंगे और उनकी बहन-बेटियों के साथ गलत काम करेंगे।
राजभर ने यह भी कहा कि उन्हें पता है कि अखिलेश यादव के समर्थक पिछले दस सालों से इन बहुजन जातियों के घरों और जमीनों पर गिद्ध की तरह नजर गड़ाए बैठे हैं। वे कब्जा करने के लिए रोज उनके घर और खेत का भाव पता कर रहे हैं। उनके समर्थक घूम-घूमकर कह रहे हैं कि बस एक मौका मिल जाए, फिर वे अपना बदला लेंगे।
ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को चेतावनी देते हुए कहा, "सुन लो, अखिलेश जी! हम बहुजन जातियों के लोग अपने घरों को लुटवाने, जमीनों को कब्जा करवाने और अपनों की हत्या करवाने का मौका आपको कतई नहीं देने वाले।" उन्होंने विश्वास जताया कि सपा 2017 और 2022 में हार चुकी है और अब 2027 में उसका पूरी तरह से सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इसे लिखकर रख लीजिए।