ओमप्रकाश राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, 2027 में सपा के सफाया का दावा

NewsPoint
2027
लखनऊ, 29 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री और सुभासपा के मुखिया ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर एक बार फिर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने भविष्यवाणी की है कि 2027 के आगामी विधानसभा चुनावों में सपा का पूरी तरह से सफाया हो जाएगा। राजभर ने सपा पर कई गंभीर आरोप भी लगाए हैं, जिसमें बहुजन समाज की जातियों को निशाना बनाने और उनकी संपत्ति पर कब्जा करने की साजिश का जिक्र है।

ओमप्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए कहा, "सुनिए, 'राजा बाबू' उर्फ अखिलेश यादव जी! हमें पता है कि आपके कुछ समर्थक अपनी लाठियों को तेल पिला रहे हैं और कुछ चाकू-तलवारों में धार लगा रहे हैं।" उन्होंने आगे कहा, "हम जानते हैं कि पिछले करीब 10 सालों से आप हमारे खिलाफ अपने मन में गुस्सा पाल रहे हैं। आप बस सरकार बदलने का सपना देख रहे हैं ताकि किसी तरह 'राजा बाबू' यानी आपकी सरकार बन जाए। फिर लाल टोपी वाले आपके गुंडे-मवाली-माफिया थाने पर कब्जा कर लेंगे। इसके बाद आपके लोग पूरे प्रदेश में PDA यानी 'पीट देगा अहीर', 'पीट देगा अल्पसंख्यक' (सपाई) और KDA यानी 'काट देगा अहीर', 'काट देगा अल्पसंख्यक' (सपाई) जैसे अभियान चलाएंगे।"
राजभर ने आरोप लगाया कि सपा का सबसे आसान निशाना पाल, प्रजापति, बिंद, केवट, मल्लाह, राजभर, निषाद, मांझी, दर्जी, तेली, लोनिया, फकीर और बंजारा जैसी बहुजन जातियां होंगी। उन्होंने कहा, "आप लोग हमें मारेंगे-पीटेंगे, दंगा करवाकर सपाई मुसलमानों से हमारे घरों को लुटवाएंगे, फिर आग लगा देंगे। आप हमारी बहन-बेटियों के साथ गलत काम करेंगे।"

उन्होंने यह भी कहा कि सपा समर्थक पिछले दस सालों से बहुजन समाज के घरों और जमीनों पर गिद्ध की तरह नजरें गड़ाए बैठे हैं। वे कब्जा करने के लिए रोज उनके घर और खेत का भाव पता कर रहे हैं। राजभर के अनुसार, सपा समर्थक घूम-घूमकर कह रहे हैं कि बस एक मौका मिल जाए, फिर वे अपना बदला लेंगे।

ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को चेतावनी देते हुए कहा, "सुन लो, अखिलेश जी! हम बहुजन जातियों के लोग अपने घरों को लुटवाने, जमीनों पर कब्जा करवाने और अपने लोगों की हत्या करवाने का मौका आपको बिल्कुल नहीं देने वाले।" उन्होंने दावा किया कि सपा 2017 में हारी, 2022 में पिछड़ी और अब 2027 में उनका पूरी तरह से सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह बात लिखकर रख लीजिए।

रेकमेंडेड खबरें