ईशा रिखी बिग बॉस 18 में आएंगी नजर, असली पर्सनैलिटी दिखाने की है इच्छा
ईशा रिखी बिग बॉस-18 में आएंगी नजर, असली पर्सनैलिटी दिखाने की है इच्छा
NewsPoint•
मुंबई, 1 सितंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री ईशा रिखी जल्द ही 'बिग बॉस-18' में अपनी असली पहचान दिखाने के लिए तैयार हैं। वह शो में अपनी असलियत को सामने लाना चाहती हैं, न कि कोई दिखावा करना। ईशा का मानना है कि शो में सबसे बड़ी चुनौती पब्लिक का जजमेंट होगी, लेकिन वह परिस्थितियों के अनुसार शांत या सख्त रवैया अपनाएंगी। वह शो में अपनी मां के लिए ट्रॉफी जीतना चाहती हैं, हालांकि दोस्ती और भावनाओं में बह जाने का डर भी उन्हें सता रहा है।
ईशा रिखी ने आईएएनएस से खास बातचीत में बताया कि वह 'बिग बॉस-18' में सिर्फ एक अभिनेत्री के तौर पर नहीं, बल्कि अपनी असली पर्सनैलिटी के साथ नजर आना चाहती हैं। उन्होंने कहा, "दर्शक मुझे अभी तक सिर्फ एक अभिनेत्री के तौर पर ही जानती है। मैं चाहती हूं कि लोग जानें कि ईशा रिखी कौन हैं और मेरी पर्सनैलिटी के सभी अलग-अलग शेड्स देखें।" ईशा का मानना है कि लोग उन्हें पर्दे पर देखते हैं, लेकिन असल जिंदगी में वह कैसी हैं, यह 'बिग बॉस' के घर में ही पता चलेगा।शो में अपनी गेम स्ट्रेटेजी के बारे में बात करते हुए ईशा ने कहा कि वह पूरी तरह से असली रहेंगी। "मैं असली रहूंगी क्योंकि मैं दिखावे से ज्यादा असलियत में यकीन रखती हूं। मुझे वो बनना नहीं पसंद है, जो मैं नहीं हूं।" वह शो को पूरी ईमानदारी से खेलने और जीतने की उम्मीद रखती हैं। ईशा का मानना है कि 'बिग बॉस' के घर में सबसे बड़ी चुनौती दर्शकों का फैसला होगा। "अभिनेत्री का मानना है कि शो में जाने के बाद उनका सबसे चैलेंज पब्लिक जजमेंट हो सकता है।"
परिस्थितियों से निपटने के सवाल पर ईशा ने बताया कि वह समझदारी से काम लेंगी। "जब मुझे लगेगा कि किसी तरह की बात को शांति से डील करना चाहिए, तो मैं उसे वैसे ही करूंगी, लेकिन जब सिचुएशन संभल नहीं रही, तो मैं जरूर सख्ती से पेश आऊंगी।" इसका मतलब है कि वह जरूरत पड़ने पर अपनी बात रखने से पीछे नहीं हटेंगी।
जब आईएएनएस ने ईशा से पूछा कि 'बिग बॉस' में अक्सर कंटेस्टेंट्स के पुराने रिश्ते सामने आते हैं, जिसमें एक्स-पार्टनर भी शामिल हो सकते हैं, तो वह इससे कैसे निपटेंगी? इस पर ईशा ने बेबाकी से जवाब दिया, "जो भी होगा, देखा जाएगा। मेरे पास इसके लिए कोई प्लान या तैयारी नहीं है।" यह दर्शाता है कि वह किसी भी स्थिति का सामना बिना किसी पूर्व योजना के करने के लिए तैयार हैं।
ईशा ने यह भी खुलासा किया कि वह 'बिग बॉस' में अपनी मां की वजह से जा रही हैं। उन्होंने कहा, "मैं आमतौर पर अपने दोस्तों के लिए आखिर तक जाती हूं और उनके लिए स्टैंड लेती हूं, लेकिन मुझे नहीं पता कि शो के अंदर मेरी दोस्ती कितनी स्ट्रांग होगी।" हालांकि, उनकी प्राथमिकता बदल गई है। "मैं अच्छा खेलने जा रही हूं और मैं अपनी मां के लिए शो जीतना चाहती हूं। तो, जाहिर है, मैं ट्रॉफी को प्रायोरिटी देने की पूरी कोशिश करूंगी।"
अपनी भावनाओं के बारे में बात करते हुए ईशा ने स्वीकार किया कि वह एक इमोशनल इंसान हैं। "मैं एक इमोशनल इंसान हूं, इसलिए मुझे थोड़ा डर है कि कहीं इमोशंस या दोस्ती की वजह से मैं खुद को चोट न पहुंचा लूं।" लेकिन इस बार उनका ध्यान पूरी तरह से जीत पर है। "लेकिन इस बार, मेरा फोकस पक्का ट्रॉफी जीतने पर है।" यह साफ दिखाता है कि वह 'बिग बॉस-18' में अपनी मां के लिए जीतने का दृढ़ संकल्प रखती हैं।