नासिक के 'गॉडमैन' अशोक खरात पर ईडी का शिकंजा: 11 ठिकानों पर छापे, करोड़ों की हेराफेरी का शक

Others

प्रवर्तन निदेशालय ने नासिक के कथित 'गॉडमैन' अशोक खरात के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को नासिक सहित करीब 11 ठिकानों पर छापे मारे गए। ईडी अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई अशोक खरात और उनके रिश्तेदारों से जुड़े ठिकानों पर की गई। शुरुआती जांच में करोड़ों की हेराफेरी का शक है।

eds grip on nashiks godman ashok kharat raids at 11 locations suspicion of crores of fraud
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने नासिक के कथित 'गॉडमैन' अशोक खरात के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को नासिक सहित करीब 11 ठिकानों पर छापे मारे गए और तलाशी अभियान चलाया गया। ईडी अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई अशोक खरात, प्रकाश पोफले और उनके रिश्तेदारों से जुड़े आवासीय, व्यावसायिक परिसरों और सहकारी ऋण समितियों की शाखाओं में की गई। नासिक में पांच, पुणे और शिरडी में तीन-तीन जगहों पर तलाशी ली गई।

ईडी ने पिछले हफ्ते अशोक खरात के खिलाफ पीएमएलए, 2002 की धारा 17 के तहत मामला दर्ज किया था। यह मामला सरकारवाड़ा पुलिस स्टेशन में 25 मार्च को दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू हुआ। अशोक खरात और अन्य पर महिलाओं सहित निर्दोष लोगों से जबरन वसूली, धार्मिक भावनाओं को भड़काना और नशे की हालत में हमला करने जैसे गंभीर आरोप हैं।
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि अशोक खरात ने नासिक जिले की दो सहकारी ऋण समितियों में अलग-अलग लोगों के नाम पर कई बैंक खाते खोले थे। हालांकि, इन सभी खातों में नॉमिनी के तौर पर उसका ही नाम था। उसने इन फर्जी खातों से अपना मोबाइल नंबर भी जोड़ रखा था, ताकि वह इन खातों के संचालन पर पूरा नियंत्रण रख सके।

जांच में यह भी पता चला है कि अशोक खरात आम चीजों को भी पवित्र बताकर बेचता था और दावा करता था कि उनमें चमत्कारी इलाज की शक्तियां हैं। पीड़ितों से जबरन वसूली करके इकट्ठा किए गए पैसों को सलाहकार प्रकाश पोफले और उनके बेटों के ज़रिए अलग-अलग जमीनों में निवेश किया गया।

यह भी बता दें कि अशोक खरात के खिलाफ नासिक, शिर्डी, वावी और सरकारवाड़ा जैसे कई पुलिस थानों में पहले से ही कई एफआईआर दर्ज हैं। इन मामलों में उस पर दुष्कर्म, धोखे से यौन संबंध बनाना और अंधविश्वास फैलाना जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। ईडी की यह कार्रवाई इसी मामले की आगे की जांच का हिस्सा है।