n NBT न्यूज, बल्लभगढ़ : आईएमटी इंडस्ट्रियल एरिया में लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी बने ट्रैफिक जाम को लेकर अब राहत के संकेत मिले हैं। आईएमटी इंडस्ट्रीज असोसिएशन फरीदाबाद की पहल पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए जाम कम करने के लिए अहम कदम उठाए हैं।
असोसिएशन के प्रधान प्रमोद राणा ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने डीसीपी ट्रैफिक जयवीर राठी से मुलाकात कर आईएमटी चौक की समस्या को प्रमुखता से उठाया। इस पर डीसीपी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नहर की ओर जाने वाले बंद रास्ते को खुलवाने की अनुमति दे दी। पहले इस मार्ग पर भारी सीमेंटेड बैरिकेड्स लगे थे, जिन्हें हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे ट्रैफिक दबाव कम होने की उम्मीद है। इसके साथ ही आईएमटी चौक पर स्थायी समाधान के लिए एफएमडीए को रेड लाइट लगाने का पत्र जारी किया गया है।
वहीं, पीक आवर में जाम की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दोपहर बाद 3 से रात 8 बजे तक ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। उद्योग संचालकों से अपील की है कि वे अपनी यूनिट्स के सामने खड़े ट्रकों को व्यवस्थित रखें, ताकि सड़क पर दिक्कत पैदा न हो। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों का चालान किया जाएगा। इस प्रतिनिधिमंडल में आईएमटी इंडस्ट्रीज असोसिएशन फरीदाबाद के प्रधान प्रमोद राणा, जनरल सेक्रेटरी रश्मि सिंह, ट्रेजरर देवेंद्र गोयल, सीनियर वाइस प्रेजिडेंट एचएस सेखों व अन्य शामिल थे।


