n NBT न्यूज, गुड़गांव
पांच दिन बाद शुक्रवार को आखिरकार शहर में तोड़फोड़ की कार्रवाई थम गई। स्टिल्ट प्लस-4 मामले में अब पंजाब एंड हरियाणा कोर्ट में 27 अप्रैल को सुनवाई होगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय होगी। पांच दिन तक चले अभियान के दौरान 15 से अधिक एरिया में सात हजार से ज्यादा घरों के सामने से अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान कई जगह विरोध भी हुआ, लेकिन कोर्ट के आदेश के बाद भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई जारी रही। ड्राइव को लेकर डीटीपी की ओर से रिपोर्ट तैयार कर ली गई है, जो शुक्रवार को हेडक्वॉर्टर में भेजी जाएगी। इसके अलावा अब एरियावाइज जेई के सुपरविजन में तोड़फोड़ के लिए टीमें गठित होंगी। यह टीमें अगले आदेश आने पर आगे अभियान जारी रखेंगी।
रिटायर्ड अफसरों के कब्ज़े भी तोड़े : पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट के स्टिल्ट प्लस-4 पर रोक लगने के बाद डीटीपी एन्फोर्समेंट की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान डीएलएफ फेज वन, टू के अलावा साउथ सिटी-1, पालम विहार, सुशांत लोक वन, मेफील्ड गार्डन, निर्वाणा कंट्री, सेक्टर-47 से 51 और सेक्टर-91-92 स्थित डीएलएफ गार्डन सिटी और रोजवुड सिटी में कार्रवाई की गई। राइट ऑफ वे के तहत ग्रीन बेल्ट, रैंप, गार्ड रूम, चारदीवारी आदि अतिक्रमण हटाए गए। इस दौरान रिटायर्ड आईएएस, आईपीएस सहित अन्य अधिकारियों के मकान के आगे से भी अतिक्रमण तोड़ा गया।


