n NBT न्यूज, फरीदाबाद
सेक्टर-48 में करीब 800 परिवारों को इन दिनों पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। यहां पर्याप्त पानी होने के बाद भी बूस्टरों से सप्लाई नहीं की जा रही। इस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि पहले यहां 24 घंटे पानी की आपूर्ति होती थी, लेकिन अब 48 घंटे में आता है। यहां का पानी एसजीएम नगर में सप्लाई किया जा रहा है।
इस समस्या से परेशान सेक्टर की आरडब्ल्यूए ने बूस्टर पर जाकर रोष जताया और डीसी आयुष सिन्हा को शिकायत की। डीसी ने आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों को निगम अधिकारियों से मुलाकात करने को कहा। आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी निगम के अडिशनल कमिश्नर परमजीत चहल से मिले। परमजीत चहल ने समस्या का समाधान करने का भरोसा दिलाया है।
सेक्टर में लोगों को पर्याप्त पानी देने के लिए दो बूस्टर बनाए गए हैं। दोनों बूस्टर फुल हाेने के बाद भी लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। चूंकि एफएमडीए ने एक बूस्टर से एसजीएम नगर में सप्लाई के लिए लाइन जोड़ दी। ऐसे में सेक्टर-48 के लोगों के लिए 48 घंटे में पानी की सप्लाई की जा रही है। इस कारण भीषण गर्मी में सेक्टरवासियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है तथा अधिकांश परिवारों को मजबूरन पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। बार-बार टैंकर पर निर्भर रहना सभी के लिए आर्थिक रूप से बोझिल और दैनिक जीवन में कठिनाइयां उत्पन्न कर रहा है। पानी की समस्या के बारे में पदाधिकारियों ने कई बार निगम अधिकारियों को पत्र भेजे, पर अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
लोगों ने मांग की है कि एसजीएम नगर की सप्लाई सेक्टर के बूस्टर से बंद की जाए। एसजीएम नगर की अपनी लाइन से ही सप्लाई की जाए, जो की सैनिक कॉलोनी से आ रही है तथा अवैध कनेक्शन को भी हटाया जाए, ताकि दोनों एरिया में सुचारू रूप से जलापूर्ति तय की जा सके।


