nNBT न्यूज, गोरखपुर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को राप्ती नदी के एकला बंधे पर लिगेसी वेस्ट हटाकर बने इको पार्क, नौसढ़-मलौनी फोरलेन सड़क समेत 497 प्रॉजेक्टों का लोकार्पण शिलान्यास किया। इन योजनाओं की लागत 1055 करोड़ रुपये है। इसस मौके पर सीएम ने कहा िक नीयत साफ हो तो नियति बदलने में देर नहीं लगती। उत्तर प्रदेश में विकासपरक परिवर्तन इसका प्रमाण है। इस मौके पर उन्होंने स्वच्छ स्कूल अभियान की भी शुरुआत की।
सीएम ने कहा कि वाराणसी या लखनऊ की ओर से गोरखपुर में आते वक्त पहला मुकाबला कचरे से होता था। यहां 2.26 लाख मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण कर पिकनिक स्पॉट और पर्यटन स्थल के तौर पर इको पार्क बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि आज जो भी यूपी में आता है, उससे बदलाव देखने को मिलता है। स्वच्छ स्कूल अभियान की शुरुआत करते हुए सीएम ने कहा कि गोरखपुर को 7 स्टार गार्बेज फ्री सिटी बनाने और स्वच्छ सर्वेक्षण में टॉप 3 में लाने के लिए स्कूली बच्चों के विशेष अभियान की शुरुआत की जा रही है।
सीएम ने डोमिनगढ़ माधोपुर बंधा से महेसरा पुल तक बन रही फोरलेन सड़क और डोमिनगढ़ में बन रहे आरओबी का भी निरीक्षण किया। साथ ही राजघाट पुल से जंगल कौड़िया-कालेसर मार्ग तक बन रही सड़क का भी जायजा लिया।


