n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : शहर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। ऐसे में कुछ मिनट भी धूप में खड़ा रहना मुश्किल हो रहा है, लेकिन बीके सिविल अस्पताल में मरीजों को इलाज के साथ-साथ दवा लेने के लिए भी भीषण गर्मी की मार झेलनी पड़ रही है। अस्पताल परिसर में पर्याप्त शेड न होने के कारण मरीजों को तेज धूप में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। खासकर महिलाएं, छोटे बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान नजर आ रहे हैं। कई मरीजों का कहना है कि लंबी कतारों में खड़े रहने के दौरान उन्हें चक्कर आने और घबराहट जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
डबुआ कॉलोनी से आए मरीज मोहन बाबू के परिजनों ने बताया कि इतनी गर्मी में लाइन में खड़ा होना बहुत कठिन है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से गर्मी के मौसम को देखते हुए विशेष इंतजाम किए जाने चाहिए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं नाकाफी नजर आ रही हैं। सीएमओ डॉ़ जयंत आहूजा ने कहा कि जल्द समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।


