n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
जीरो टॉलरेंस नीति के तहत गुड़गांव पुलिस ने भूमि माफियाओं और आदतन अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाते हुए अवैध कब्जों पर कार्रवाई की। पुलिस ने सेक्टर-21 स्थित सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाई गई झुग्गियों को मशीनरी की मदद से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया और जमीन को मुक्त करा लिया। दरअसल पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-21 में अवैध कब्जा कर झुग्गियां बनाई गई हैं, जहां से नशे का कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच पालम विहार की टीम ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) के साथ मिलकर कार्रवाई करते हुए पूरे क्षेत्र को खाली कराया। जांच में सामने आया कि इस अवैध कब्जे के पीछे दो महिला आरोपी अनीता निवासी पश्चिम बंगाल और सुनीता निवासी गांव दमदुमा, छपरा में सक्रिय थीं। दोनों महिलाओं के खिलाफ थाना पालम विहार में एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से मामले दर्ज है। पुलिस के अनुसार, इन झुग्गियों का इस्तेमाल मादक पदार्थों के अवैध व्यापार के लिए किया जा रहा था।


