n तरुण तायल, गुड़गांव
शहर में बढ़ती गर्मी के साथ बिजली चोरी के मामलों में तेजी देखी जा रही है। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ( DHBVN ) ने सर्कल-1 में अभियान चलाते हुए जनवरी से अप्रैल 821 बिजली चोरी के मामलों का खुलासा किया है, इन पर करीब पांच करोड़ 84 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस दौरान करीब 2 करोड़ 80 लाख रुपये की रिकवरी भी की गई है।अप्रैल में बिजली चोरी के 92 मामले सामने आ चुके हैं, इनमें 62 लाख 47 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। अधिकारियों के अनुसार, तापमान बढ़ने के साथ बिजली की खपत बढ़ती है, जिससे चोरी के मामलों में भी इजाफा होता है। सर्कल-1 में मानेसर, खेड़की दौला, पटौदी, फर्रुखनगर और हेली मंडी जैसे इलाके आते हैं। इन क्षेत्रों में डेली चेकिंग अभियान के तहत टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। मौके पर ही अवैध कनेक्शन काटे जा रहे हैं और नियमों के तहत जुर्माना लगाया जा रहा है।


